यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी में अंधविश्वास की आफतः मौत की दहशत बनकर छाए चोटी और चुड़ैल के किस्से
हरियाणा और झारखंड होते हुए उत्तर प्रदेश में चोटी काटने को लेकर फैले अंधविश्वास ने आज आगरा में एक बलि ले ली। एक महिला चुडैल बताकर मार डाली गई।

लखनऊ (जेएनएन)। हरियाणा और झारखंड होते हुए उत्तर प्रदेश में चोटी काटने को लेकर फैले अंधविश्वास ने आज आगरा में एक बलि ले ली। एक महिला चुडैल बताकर मार डाली गई। मथुरा और अलीगढ़ में कई स्थानों पर महिलाओं की चोटी कटने की सूचनाएं मिली। हरदोई में एक महिला ने तो भूत का चक्कर मानकर अपने बेटे की उंगली काट ली और उसे शैतान समझ अपने पति पर जिंदा दफन करने का दबाव बनाया। पुलिस सभी सूचना मिलने वालों मामलों की जांच करने में लगी है। चोटी काटने के मामलों को लेकर सरकार ने सही जांच, जागरूकता और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ में खाकी ने मचाया बवाल, खाक में मिला इकबाल
चोटी काटने की घटना पर सतर्कता
उत्तर प्रदेश में भी महिलाओं की चोटी काटने और दहशत फैलाने की शिकायत आई है। मथुरा में इस तरह का मामला होने पर गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्र का कहना है कि सभी एसपी-एसएसपी को निर्देश दिया गया है कि जागरूकता और सतर्कता बरती जाए और जो घटना हुई है उसकी सही ढंग से तफ्तीश कर सच्चाई सामने लाई जाए।
यह भी पढ़ें: महोबा में विवाहिता को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म
चुड़ैल बताकर होने लगी पिटाई
आगरा के डौकी के गांव मुटनई में रास्ता भटककर दूसरे मुहल्ले में पहुंची दलित महिला को बस्ती के लोगों ने चुड़ैल बता लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना से गांव में तनाव है। आरोपी पक्ष के लोग फरार हैं।
मुटनई निवासी 65 वर्षीय मान देवी पत्नी स्व. कालीचरन जाटव बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे शौच के लिए घर से गई थीं। लौटते में रास्ता भटककर बघेल बस्ती में चली गईं। मानदेवी के बेटे गुलाब सिंह ने बताया कि वह निहाल सिंह के घर के बाहर पहुंचीं, तभी निहाल सिंह के बेटे मनीष और सोनू ने उन्हें चुड़ैल बताकर पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने अपना नाम बताते हुए आरोपियों से कहा कि वे उन्हें जानती हैं। पड़ोस में ही रहती हैं, मगर किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। डंडों से पीट-पीटकर महिला को बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी महिला को जाटव बस्ती में फेंक गए। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उनकी तहरीर पर एनसीआर लिखकर महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: तीन बेटियां पैदा होने के बाद चौथी को तीन सौ रुपए में बेंचा
शव रखकर परिवारीजनों का हंगामा
वहां से सुबह साढ़े सात बजे चोट सामान्य बताकर छुट्टी दे दी। परिजन उन्हें घर ले जा रहे थे, तभी ताजगंज की गोबर चौकी के पास उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर डौकी पहुंचे और थाने के सामने रखकर हंगामा करने लगे। थोड़ी देर में पहुंचे सीओ फतेहाबाद डॉ. तेजवीर सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। आरोपी पक्ष का कहना है कि महिला उनके घर बाल काटने आई थी। निहाल सिंह की पत्नी प्रकाश देवी के रात में ही बाल कटे थे। उन्होंने मान देवी पर बाल काटने का आरोप लगाया। मान देवी के बेटे गुलाब सिंह ने निहाल सिंह के बेटों मनीष और सोनू के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपी फरार हैं। टकराव की आशंका पर गांव में फोर्स तैनात कर दिया गया है। सीओ ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में आने वाली जबरदस्त भर्ती, युवाओं कर लो तैयारी
मथुरा में चार महिलाओं की कटी चोटी
मथुरा में पिछले चौबीस घंटे में कोसीकलां क्षेत्र में चार स्थानों पर महिलाओं की चोटी कटने की सूचनाएं मिली हैं। उधर, पुलिस मामले में अराजक तत्वों की भूमिका को लेकर पड़ताल कर रही है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मंगलवार रात परिवार के साथ बाहर सो रही इरौली गूजर निवासी वीरी ङ्क्षसह की 17 वर्षीय पुत्री पूजा के बाल सोते में कट गए। मुहल्ला सरायशाही निवासी शाहबानो की चोटी के बाल भी कटे मिले। गांव शाहपुर में एक महिला ने अपनी आधी चोटी काटने की बात कही।
अलीगढ़ में दो महिलाओं की चोटी कटी
अलीगढ़ के जट्टारी इलाके के गांव मादक में बुधवार को एक युवती व महिला की चोटी कटने से सनसनी फैल गई। चोटी कैसे कटी? यह दोनों को पता नहीं। पुलिस जांच में जुट गई है। जट्टारी के गांव निवासी रोहतान की बेटी रजनी (19) बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर में झाड़ू लगा रही थी। रजनी के मुताबिक, अचानक उसकी चुंदरी नीचे की ओर खिसकी। उसे उठाया तो नीचे जमीन पर कटे बाल पड़े थे। उस समय चोटी में जूड़ा भी बंधा था। चोटी खुली कैसे? बाल किसने काटे? कुछ पता नहीं चला। उसके सिर में दर्द हो रहा था। गांव वाले रजनी का हाल जानने में जुटे थे कि कुछ देर बाद पड़ोसी चंद्रपाल की पत्नी विमलेश के साथ भी यही हुआ। चीखने पर पड़ोसी आ गए। एक साथ हुईं इन घटनाओं की सूचना जट्टारी पुलिस चौकी पर दी गई।
यह भी पढ़ें: तीन बेटियां पैदा होने के बाद चौथी को तीन सौ रुपए में बेंचा
कोई वैज्ञानिक आधार नहीं
मालूम हो कोटा (राजस्थान) के उद्योग नगर क्षेत्र के प्रेम नगर में 18 जुलाई को 17 वर्षीय किशोरी की चोटी कटने की घटना सामने आई थी। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि 12वीं में पढऩे वाली किशोरी की चोटी को लेकर सहेलियां टिप्पणी करती थीं। वो चोटी रखने की इच्छुक नहीं थी लेकिन घर वाले चाहते थे। उसने टीवी पर चोटी कटने की खबर सुनी तो खुद ही काटने का प्लान बना लिया। घर में सब सो गए तो उसने अपनी चोटी काट ली और हल्ला कर दिया कि किसी ने चोटी काट दी है। दूसरी ओर एएमयू के मनोचिकित्सक प्रो. एसए आजमी का कहना है कि इन घटनाओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं दिख रहा है। हो सकता है कि कुछ लोग प्रसिद्धि पाने के लिए ऐसा कर रहे हों। ठोस तथ्य सामने आने तक इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
