फंदे पर लटका मिला महिला का शव, ससुरालीजन फरार
2014 में फीरोजाबाद की महिला का चित्राहाट के युवक से हुआ था विवाह मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर लगाया दहेज की मांग का आरोप सात के विरुद्ध मुकदमा
जेएनएन, आगरा। ससुराल में महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। उसे फांसी के फंदे पर लटकाकर मारने का आरोप लगाया गया है। मामले में मृतका के पिता ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं घटना के बाद से ससुरालीजन फरार हैं।
फीरोजाबाद के खैरगढ़ स्थित शेखपुरा निवासी शिशुपाल की बेटी मनोरमा (26) का विवाह 25 फरवरी 2014 में चित्राहाट के रामकुआं निवासी अनिल यादव से हुआ था। मनोरमा के पांच वर्षीय बेटा अनुराग और तीन वर्षीय बेटी राजश्री भी है। शिशुपाल का आरोप है कि ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित करते थे। उससे रुपया और सोने के जेवरात की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर फांसी के फंदे पर लटकाकर बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गए। शनिवार को इसकी सूचना पर शिशुपाल और उनके स्वजन मौके पर पहुंच गए। एसओ चित्राहाट महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शिशुपाल की तहरीर पर आरोपित पति अनिल यादव, ससुर रामेश्वर, सास रेखा, देवर अनुज, मिथुन, देवरानी बबली और ननद पूनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।