आगरा में विवाहिता की गैस के चूल्हे पर गिरकर जलने से मौत, स्वजन का साजिशन मारने का आरोप
आगरा में सदर के महादेव नगर की घटना साढ़े सात वर्ष पहले हुई थी शादी। ससुराल वालों के खिलाफ थाने में दी तहरीर ससुराल वाले बोले महिला को आते थे दौरे। महिला के परिवार वालों के आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में सदर के महादेव नगर में विवाहिता की गैस के चूल्हे पर गिरकर जलने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे स्वजन ने उसे साजिशन मारने का आरोप लगाया। वहीं ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि महिला का दौरे आते थे।
छह और तीन वर्ष की दो बेटी
अलीगढ़ के थाना अकराबाद के गांव बालूखेड़ा के रहने वाले सुरेंद्र गिरि ने अपनी 28 वर्षीय बेटी कुमकुम उर्फ भाग्यश्री की शादी 10 फरवरी 2015 को मनोज गोस्वामी से की थी। सदर के महादेव नगर की निवासी मनोज एक फैक्ट्री में काम करता है।दंपती छह आैर तीन वर्ष की दो बेटी हैं। पिता का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। अप्रैल 2018 में भी उसे मारापीटा था। पुलिस को फोन करने पर ससुराल वाले घर से भाग गए थे। बाद में राजीनामा कर अपने साथ ले गए थे।
30 अगस्त को दी मायके वालों को जानकारी
कुमकुम के भाई अखिलेश ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त की सुबह ससुराल वालों ने फोन पर बताया कि कुमकुम गैस पर गिरकर जल गई है। परिवार के लोग आगरा पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। ससुराल वालों का कहना था कि कुमकुम पति और बच्चों के साथ अलग हिस्से में रहती थी। वह गैस पर चाय बनाते समय गिर गई थी। जिसके चलते जलने से मौत हो गई।
साजिश के तहत मारने के लगाए आरोप
स्वजन का कहना है कि उसका सिर्फ एक ओर का चेहरा जला है, जबकि बाकी शरीर पर जलने के निशान नहीं है। उन्होंने कुमकुम को साजिश के तहत जान से मारने का आरोप लगाया। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें...
काशीपुर में प्रेमी ने दिन दहाड़े मां और बेटी को मौत के घाट उतारा, खून से लतपथ पहुंचा सरेंडर करने