दिल्ली के पगड़ी कारोबारी की पत्नी वृंदावन के गेस्ट हाउस में मिली मृत Agra News
रविवार रात को एक पुरुष के साथ पहुंची थी विषाक्त सेवन की आशंका। पुरुष को आगरा किया गया रेफर देर रात वृंदावन ले गई पुलिस। मुकदमा दर्ज।
आगरा, जेएनएन। दिल्ली के पगड़ी कारोबारी की पत्नी वृंदावन में गेस्ट हाउस के कमरे में सोमवार सुबह मृत मिली। कमरे में एक पुरुष भी बेहोश हालत में मिला। दोनों के विषाक्त का सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। पुरुष को आगरा के एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद सोमवार देर रात उसे हिरासत में लेकर वृंदावन लाकर पूछताछ की।
वृंदावन के गेस्ट हाउस जगदीश धाम में रविवार दोपहर करीब ढाई बजे एक पुरुष और एक महिला पहुंची। पुरुष ने खुद का नाम शेजी खान(सी 31 ब्लॉक ओल्ड स्लम क्वार्टर पश्चिमपुरी, दिल्ली)और महिला (डब्ल्यूजेड 163 टोडापुर, दिल्ली) को अपनी पत्नी बताते हुए रूम लिया। गेस्ट हाउस प्रबंधन ने शेजी खान के मतदाता पहचान पत्र के आधार पर गेस्टहाउस में कमरा नंबर 105 दे दिया।
रविवार रात करीब दस बजे कमरे से बाहर पानी फैल रहा था। गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज या हलचल न होने पर दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया। सामने पलंग पर महिला बेहोश पड़ी थी। महिला को उल्टियां भी हुई थीं। बाथरूम में नल के नीचे पुरुष बेहोशी की हालत में था। कमरे में चाय के कप रखे हुए थे।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। शेजी खान को संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि उपचार के बाद पुरुष को सोमवार देररात पुलिस उसे वृंदावन ले आई थी। यहां पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि पुरुष चार कप चाय लेकर आया था। चाय में उसे कोई विषाक्त पदार्थ दे दिया। जिससे महिला की मौत हो गई। आरोपित युवक से पूछताछ की जाएगी।
पटना में मायके जाने के लिए निकली थी
दीनदयाल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में उसका पगड़ी बनाने का कारोबार है। उसकी पत्नी ममता मिश्रा 25 जनवरी को पटना अपने मायके जाने की कहकर घर से निकली थी। 26 की जनवरी की रात जब वह वहां नहीं पहुंची तो कॉल किया। कॉल पुलिस ने उठाया और घटना की जानकारी दी। दीनदयाल ने पुरुष के बारे में अनभिज्ञता जताते हुए वृंदावन कोतवाली में शेजी खान के खिलाफ अपनी पत्नी को विषाक्त पदार्थ देकर हत्या किए जाने की नामजद रिपोर्ट कराई है।