आगरा में शुरू हुई हंसल मेहता की वेब सीरीज 'बाराबंकी' की शूटिंग, सनी कौशल निभा रहे पुलिस अधिकारी का किरदार
यह क्राइम थ्रिलर 1984 की घटनाओं पर आधारित है और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आलोक लाल की पुस्तक 'द बाराबंकी नार्कोस' से प्रेरित है।

आगरा के जीआईसी में शूटिंग के दौरान।
HighLights
हंसल मेहता की वेब सीरीज 'बाराबंकी' की शूटिंग आगरा में शुरू
सनी कौशल पुलिस अधिकारी की भूमिका में, बिपाशा बसु भी होंगी शामिल
क्राइम थ्रिलर 1984 की घटनाओं पर आधारित, नशे के कारोबार पर
जागरण संवाददाता, आगरा। निर्देशक हंसल मेहता की वेब सीरीज बाराबंकी की शूटिंग रविवार को शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कालेज (जीआइसी) में रविवार को शुरू हुई। सुबह मुहूर्त के बाद अभिनेता सनी कौशल द्वारा कैदियों से पूछताछ के सीन फिल्माए गए।
कॉलेज परिसर में एसएसपी कार्यालय का सेट बनाया गया है। जहां तीन से चार दिन तक शूटिंग चलेगी। सीरीज में अभिनेता सनी पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे।
लाइन प्रोड्यूसर मनोज कुमार ने बताया कि सीरीज की शूटिंग आगरा और आसपास के जिलों में करीब 20 दिन तक होगी। इस दौरान लगभग 200 स्थानीय कलाकारों को भी काम करने का अवसर मिलेगा।
तीन से चार दिन चलेगी जीआईसी में शूटिंग
आने वाले दिनों में अभिनेत्री बिपाशा बसु और अभिनेता विशाल जेठवा के आगरा पहुंचने की संभावना है। जीआईसी में अगले तीन से चार दिन तक शूटिंग चलेगी। वेब सीरीज के लिए बाराबंकी से जुड़े घटनाक्रमों को आगरा में ही फिल्माया जा रहा है। यह क्राइम थ्रिलर वर्ष 1984 की घटनाओं पर आधारित है। इसकी कहानी सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आलोक लाल की पुस्तक 'द बाराबंकी नार्कोस: बस्टिंगइंडियाज मोस्ट नोटोरियस ड्रग कार्टेल' से प्रेरित है।
नशे के कारोबार और उससे जुड़े घटनाक्रम पर्दे पर दिखाए जाएंगे
इस कहानी में नशे के कारोबार और उससे जुड़े घटनाक्रम पर्दे पर दिखाए जाएंगे। निर्देशक हंसल मेहता 'शाहिद', 'अलीगढ़' और 'गांधी' जैसे कार्यों के लिए पहचाने जाते हैं। वास्तविक घटनाओं और गंभीर विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना उनकी फिल्मों की खासियत रही है।
