UP Weather 2019: बादलों ने बदला मौसम का मिजाज, जारी हुआ 48 घंटे के लिए अलर्ट
अगले दो दिन तक हो तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश। 15 के बाद मौसम सामान्य होने का संकेत।
आगरा, जागरण संवाददाता। रितुराज वसंत में मौसम सावन जैसा हो सकता है। तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश मौसम के मिजाज को बदल सकती है। इस बार वेलेंटाइन डे प्रेमी युगल बारिश से सराबोर होकर मनाने की तैयारी कर लें तो ज्यादा सही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन में तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है। 14 और 15 फरवरी को बन रही बारिश की संभावना के बाद 16 फरवरी से मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विभाग ने बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम बदलने की शुरूआत मंगलवार से ही हो गई थी। दिनभर बादलों और धूप की लुकाछुपी चलती रही और रात को हवा चलने से सर्दी बढ़ गई थी। यही स्थिति कमोबेश बुधवार को भी रही। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर करीब दो बजे कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन फिर बादल छा गए। हालाकि हवा तेज न चलने से सर्दी अधिक नहीं थी। शाम को फिर मौसम बदलने का अनुमान लगाया जा रहा है।