UP Weather: 38.2 डिग्री तापमान के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर रहा आगरा, आज के मौसम की ताजा जानकारी
आगरा लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ...और पढ़ें

Agra Weather: तेज धूप से बचाव के लिए दुपट्टे का सहारा लेतीं युवतियां।
HighLights
आगरा लगातार दूसरे दिन यूपी का सबसे गर्म शहर रहा।
अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लोग परेशान।
मंगलवार से आंशिक बादल, बुधवार को गरज के साथ वर्षा संभव।
जागरण संवाददाता, आगरा। Agra Weather: प्रदेश में आगरा लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित प्रादेशिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप से दिनभर शहरवासी परेशान रहे। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार से मौसम में बदलाव आएगा और आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बुधवार को गरज के साथ वर्षा की चेतावनी विभाग द्वारा जारी की गई है।
अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
मानसून की विदाई के बाद शहर में मौसम शुष्क हो गया था। सोमवार को सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ यह और तेज होती चली गई। अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिकऔर न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने का है पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुरवा हवाओं की मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के साथ संभावित प्रतिक्रिया से मौसम में बदलाव आ सकता है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने के साथ वर्षा हो सकती है।
यह भी पढ़ें- मानसून की विदाई के साथ बदला दिल्ली में मौसम का मिजाज, उत्तर-पश्चिमी हवाओं से मिली उमस से राहत
1920 में 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था तापमान
अक्टूबर मे सबसे अधिक तापमान का रिकार्ड 126 वर्ष पूर्व एक अक्टूबर, 1920 को बना था। तब अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
