Agra Weather: पूरा दिन बारिश और जमकर गिरे ओले, वापस लौटी सर्दी Agra News
शुक्रवार को भी बादल छाने और हल्की बरसात होने के आसार। दिनभर में 27.7 मिमी हुई बरसात। 24 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा।
आगरा, जागरण संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में आए बदलाव के चलते गुरुवार को जमकर बरसात हुई। कई जगह ओले भी पड़े। सर्द हवाएं तीर से चुभीं। दिन भर घने काले बादल छाए रहे। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। जलभराव के चलते जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी बरसात होगी।
मकर संक्रांति के बाद ही मौसम के तेवर बदलने से लोग बेहाल हैं। बुधवार रात को बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया था। मौसम विभाग ने गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। सुबह से ही बरसात शुरू हो गई। साढ़े नौ बजे थोड़ी देर बरसात हुई। इसमें कई जगह ओले पड़े। दोपहर तक रुक-रुक कर बरसात होती रही। करीब ढाई बजे तेज गडग़ड़ाहट के फिर बारिश शुरू हुई। करीब 45 मिनट जमकर बरसात हुई। बाह, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, खंदौली, लड़ामदा, पिनाहट सहित देहात के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। शाम चार बजे अंधेरा छा गया। सर्द हवाएं लोगों को तीर की तरह चुभ रही थीं। बारिश के चलते अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बरसात के आसार हैं।
27.7 मिमी हुई बरसात
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार रात तक ताजनगरी में 27.7 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुई। इसमें बुधवार रात से सुबह नौ बजे तक 8.30 मिमी और इसके बाद शाम तक 19.2 मिमी बरसात हुई। 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
प्रशासन ने जारी किया था अलर्ट
बारिश और तेज हवा को लेकर प्रशासन ने बुधवार रात को अलर्ट जारी किया था। 18 जनवरी को लेकर भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
स्टेशन पर भी परेशान रहे यात्री
बारिश और सर्द हवा से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सर्द हवा के चलते उन्हें ठंड का सामना करना पड़ा।
कुछ स्कूलों ने घोषित किया रेनी डे
गुरुवार सुबह मौसम का हाल देखकर कुछ स्कूलों ने रेनी डे घोषित कर दिया। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज से सुबह करीब 8.15 बजे अभिभावकों को स्कूल का मैसेज मिला। प्री-बोर्ड परीक्षाएं यथावत रखी गर्इं, जबकि कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बारिश व शीतलहर को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया। अन्य स्कूलों के बच्चे छुट्टी घोषित होने का इंतजार करते रहे। भगवान से प्रार्थना करते रहे कि डीएम अंकल छुट्टी घोषित कर दें। गुरुवार शाम भी अभिभावकों के फोन दैनिक जागरण कार्यालय में आते रहे लेकिन आगरा जिला प्रशासन ने देर शाम तक शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश के बारे में कोई आदेश जारी नहीं किया था।