UP Weather 2019 : उमस से मिली राहत, झमाझम बारिश से ताजनगरी हुई तरबतर Agra News
मौसम विभाग का मानसून फिर सक्रिय होने का था 24 जुलाई से अनुमान। दोपहर बाद हुई अचानक बारिश ने बदला मौसम का मिजाज।
आगरा, जागरण संवाददाता। कई दिन की धूप और उमस के बाद रविवार को आखिरकार रवि को थोड़ा तरस आया और बादलों के पीछे छुप गए। इतना ही नहीं इंद्रदेव भी ताजनगरी पर मेहरबान हो गए और झमाझम बारिश कर धरती को तरबतर कर दिया।
गर्मी और उमस से बेहाल चल रही ताजनगरी को रविवार की सुबह यूं तो अन्य दिनों की भांति ही हुई थी। सुबह से घर से बाहर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर हो गए थे लेकिन दोपहर बाद बादलों ने सूर्यदेव को अपनी ओट में लिया और चार बजे करीब बदरा झमाझम बरस गए। तेज हवाओं के साथ शुरु हुई बारिश करीब आधा घंटा तक जमकर हुई। मौसम विभाग 25 जुलाई को बारिश होने का पूर्वानुमान दे रहा था लेकिन तीन दिन पहले हुई बारिश ने लोगों को राहत दे दी। करीब आधा घंटे तक हुई तेज बरसात ने शहरभर में जलभराव कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन बादल छाने और 24 से बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं इससे पूर्व धूप और उमस ने शनिवार को लोगों को बेहाल कर दिया था। सुबह से तेज धूप और गर्मी से रात भी बेचैन थी। इससे अधिकतम तापमान 37 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.5 डिग्री रहा। अधिकतम आद्र्रता 88 फीसद दर्ज की गई।