कर लें इंतजाम, आज और कल एक चौथाई शहर को नहीं मिलेगा गंगाजल Agra News
110 साल पुरानी राइजिंग लाइन की होगी मरम्मत सुबह की जलापूर्ति के बाद शुरू होगा काम। शहर का सबसे बड़ा है लीकेज हर दिन होती 30 लाख लीटर पानी की बर्बादी।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा शहर के सबसे बड़े लीकेज की मरम्मत की तैयारी हो गई है। यह लीकेज आस्था सिटी सेंटर के ठीक पीछे, जीवनी मंडी रोड पर है। 700 एमएम की पानी की लाइन 110 साल पुरानी है। हर दिन तीस लाख लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इससे कई क्षेत्रों में आए दिन जलापूर्ति ठप हो जाती है। वहीं गंदे पानी की भी आपूर्ति होती है।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से तीन राइजिंग लाइन निकली हैं जिसमें 700 एमएम की लाइन भी शामिल है। यह लाइन 110 साल पुरानी है। वर्तमान में लाइन जर्जर हो चुकी है। आस्था सिटी सेंटर के ठीक पीछे से होकर गुजरी लाइन में लीकेज है। जल संस्थान लीकेज की मरम्मत कराने जा रहा है। बुधवार सुबह की जलापूर्ति के बाद वाल्व को बंद कर दिया जाएगा। इससे एक चौथाई शहर में शाम की जलापूर्ति नहीं होगी। मरम्मत गुरुवार की शाम तक होगी। ऐसे में तब तक जलापूर्ति नहीं हो सकेगी।
600 एमएम की सीवर लाइन की भी होगी मरम्मत
पानी की पाइप लाइन के साथ 600 एमएम की सीवर लाइन की भी मरम्मत होगी। यह कार्य भी जल संस्थान की टीम करेगी। इससे सीवर लाइन को बंद किया जाएगा। इसका असर आसपास के क्षेत्रों पर पड़ेगा।
टैंकरों से होगी जलापूर्ति
जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी। वहां टैंकर से पानी भेजा जाएगा।
पांच साल में 30 बार हुई मरम्मत
पानी की पाइप लाइन की पांच साल में तीस बार मरम्मत हुई है। एक बार की मरम्मत में 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक का खर्चा आया है।
गंदे पानी से मिलेगी निजात, प्रेशर होगा ठीक
पाइप लाइन की मरम्मत से गंदे पानी से निजात मिलेगी, जबकि पानी का प्रेशर ठीक आएगा। हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
इन क्षेत्रों में नहीं होगी जलापूर्ति
बेलनगंज, गधापाड़ा, काला महल, पीपलमंडी, बालूगंज, ताजगंज व उसके आसपास, कोतवाली क्षेत्र व उसके आसपास।
तो बंद किया जा सकता है जीवनी मंडी वाटरवर्क्स
पाइप लाइन की मरम्मत के दौरान अगर किसी अन्य खामी की वजह से जलापूर्ति बंद नहीं हो पाई तो जीवनी मंडी वाटरवक्र्स को बंद किया जा सकता है।
21 हजार घरों में नहीं हुई जलापूर्ति
मंगलवार को शहर के 21 हजार घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टैंकर से पानी नहीं भेजा गया। प्रमुख क्षेत्रों में आवास विकास सेक्टर दो व तीन, बालूगंज, मंटोला रोड के आसपास, तोता का ताल रोड शामिल हैं। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 120 एमएलडी और सिकंदरा 210 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई।
कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति
मंगलवार को कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। प्रमुख क्षेत्रों में बल्केश्वर कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी अशोक नगर, गोकुलपुरा, राजा की मंडी रेलवे स्टेशन रोड हैं।