25 साल से पानी को तरस रहे ऊंचाई पर रहने वाले लोग
नुनहाई लिंक रोड से सटे न्यू सीता नगर के 50 घर खारी पानी प्रयोग करने के लिए मजबूर हैं।
आगरा(जागरण संवाददाता): आमतौर पर ऊंचाई पर रहना सुरक्षित माना जाता है, लेकिन नुनहाई के न्यू सीता नगर में रहने वालों के लिए यह ऊंचाई मुसीबत बनी हुई है। पांच फीट की ऊंचाई पर रहने वाले 50 घरों को 25 साल से पानी की सप्लाई नहीं हुई है।
नुनहाई लिंक रोड से सटे न्यू सीता नगर के 50 घर खारी पानी प्रयोग करने के लिए मजबूर हैं। सीता नगर बड़ी बस्ती है, इसमें पचास घर एक टीले पर बसे हैं। 25 साल पहले ढाई इंच की पाइप लाइन से वाटर वर्क्स से पानी की सप्लाई होती थी। लेकिन अब यह किसी काम की नहीं है। पानी का प्रेशर कम होने के कारण ऊंचाई पर बसे घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। महिलाएं शाम को रामबाग सब्जीमंडी से पानी भर करके लाने को मजबूर हैं।
पानी को लगाते हैं दस चक्कर:
सुरेश बाबू राजपूत बताते हैं कि महिलाएं वाटर वर्क्स से पानी भरकर ले जाती है। एक परिवार से दो लोग जाते हैं। दस चक्करों में घर का पानी पूरा हो पाता है।
20 हजार से लगवाई लाइन:
पन्ना लाल शर्मा ने बताया कि कई वर्ष पहले चार लोगों ने मिलकर टीवी टावर के पास से 20 हजार रुपये में निजी पानी की पाइप लाइन लगवाई थी। अब उसमें भी पानी नहीं आता। लाइन लगवाने वाले भी चारों लोग वहां से छोड़ कर चले गए।
गुजारिश करने के बाद भी नहीं सुधरे हालात:
यहां के निवासी चन्द्रपाल राठौर ने बताया कि पिछले वर्ष सड़क पर जाम लगाया, रास्ते में मटके फोड़े, वाटर वर्क्स से लेकर संजय प्लेस तक जल संस्थान के अधिकारियों से गुजारिश की। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विधायक ने लगवाया सबमर्सिबल:
पिछले विधासभा चुनाव समय किए गए वादे के अनुसार विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने एक वर्ष पहले इलाके में सबमर्सिबल लगवा दिया। इससे कुछ घरों में पानी की सप्लाई होती है। खारी पानी होने के कारण कुछ घर रामबाग सब्जीमंडी से भर कर लाते हैं।
घर की महिलाएं बाहर पानी लेने जाती है। औरतों में झगड़ा हो जाता है। बच्चे भी साथ में पानी लेने जाते हैं।
- केपी सिंह राठौर छोटी गलियों में पानी के टैंकर नहीं पहुंचते हैं। इसलिए दूसरे इलाकों से पानी लाना पड़ता है। यहां पर लाइन लग जाती है। घंटेभर इंतजार करना पड़ता है।
- मुनी चंदेल