कहीं किल्लत तो कहीं गंदा पेयजल, त्योहार पर भी नहीं मिला जल
- धूलियागंज में लाइन मरम्मत के चलते शाम को हुई पेयजल आपूर्ति - ताजनगरी फेज प्रथम में पेयजल लाइन में गंदा पानी आने से परेशानी
आगरा : दिवाली से चल रहा पेयजल संकट शनिवार को भी कई क्षेत्रों में बरकरार रहा। कई क्षेत्रों में सुबह के समय पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो कहीं पानी का प्रेशर कम आया। कुछ जगह गंदा पानी आने की शिकायत मिली। हालांकि अधिकारियों के दावों के अनुसार शाम तक सभी जगह पानी की आपूर्ति सुचारू करवा दी गई।
धूलियागंज क्षेत्र में लाइन मरम्मत के चलते सुबह के समय पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार धूलियागंज में चार से पांच घंटे का शटडाउन लिया गया। यहां पेयजल की लाइन को टोरंट द्वारा तोड़ दिया गया था। इसलिए टोरंट ने लाइन की मरम्मत करवाई। धूलियागंज एवं इससे संबंधित क्षेत्र में शाम 4.30 बजे बाद पानी की आपूर्ति सुचारू हो पाई।
शहर के जीवनी मंडी, कृष्णा कॉलोनी, दरेसी, रावतपाड़ा, रकाबगंज, छीपीटोला आदि क्षेत्रों में भी पानी का प्रेशर कम होने से सुबह के समय पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। अधिकारियों के अनुसार शाम तक पेयजल लाइनों को ठीक करवाकर पानी के प्रेशर को सामान्य कर दिया गया। ताजनगरी फेज-प्रथम में लोगों ने गंदा पानी आने की शिकायत की। गंदे पेयजल के चलते यहां लोग पेयजल समस्या से जूझते रहे।
कुछ जगह रॉ वॉटर में मिट्टी आ रही थी। इसलिए पानी का कलर थोड़ा बदला हुआ था। पानी की गुणवत्ता पहले की अपेक्षा सही है। जहां पेयजल लाइनों में लीकेज थे। वे सभी ठीक कर दिए गए हैं। लाइन में शाम तक पानी का प्रेशर सामान्य था।
अनवर ख्वाजा, अधिशाषी अभियंता, जल संस्थान मुख्यालय
धूलियागंज में लाइन की मरम्मत के चलते चार से पांच घंटे का शटहाउन लिया गया। यहां शाम 4.30 बजे बाद पानी की लाइन को शुरू करवा दिया गया। अन्य जगह से ऐसी दिक्कतें सामने नहीं आई। यमुना पार भी पानी गया था।
राजेंद्र आर्य, अधिशाषी अभियंता, जोन प्रथम