TrumpVisitIndia: ताजनगरी की दीवारों पर भी चढ़ा मोदी- ट्रंप की दोस्ती का रंग Agra News
आगरा एयरफोर्स स्टेशन से लेकर होटल अमर विलास तक कई दीवारों पर ट्रंप और मोदी की शानदार पेंटिंग बनाई गई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। मोहब्बत की नगरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती का रंग चढ़ने लगा है। एयरपोर्ट से ताजमहल तक टंप के रूट की दीवारें दोनों की शानदार पेंटिग्स से रंग चुकी हैं। पूरा रूट चमकने लगा है। सड़क किनारे की दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां उकेरी गई हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को आगरा आगमन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उनके स्वागत के लिए आगरा सज-धजकर तैयार हो चुका है। आगरा एयरफोर्स स्टेशन से लेकर होटल अमर विलास तक कई दीवारों पर ट्रंप और मोदी की शानदार पेंटिंग बनाई गई है। हर पेंटिंग में कुछ न कुछ मैसेज है। खेरिया मोड़ से ईदगाह सहित अन्य क्षेत्रों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम नरेंद्र मोदी की कई पेंटिंग भी बनाई गई हैं। कमिश्नरी के आसपास आगरा की संस्कृति की झलक प्रदर्शित की गई है। साथ ही कृष्ण मृग, मोर, भालू, चीता सहित अन्य जानवरों की पेंटिंग की गई है। नगर निगम के इस कार्य में इंडिया राइजिंग की टीम कर रही है। लगातार तीन दिन अभियान चलाया जा रहा है।
सड़क किनारे की दीवारों की पेंटिंग गेरूआ रंग से की जा रही है। यही नहीं, रूट पर दस हजार गमले भी रखवाए जाएंगे। गुरुवार को कमिश्नरी के सामने डिवाइडर के खाली हिस्से में 50 गमले रखवाए गए। फतेहाबाद और माल रोड का हुलिया बदल गया है। तिरंगी लाइट से लेकर रोड के किनारे की सफाई कराई जा रही है।
नगर निगम की टीम ने पकड़े पशु
नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड, माल रोड व उसके आसपास के क्षेत्रों से बेसहारा पशुओं को पकड़ा। अब तक सौ पशु पकड़े जा चुके हैं। इन्हें गोशाला में रखा गया है।
50 फीसद साइकिल ट्रैक तैयार
लोक निर्माण विभाग की टीम ने 50 फीसद साइकिल टैक को तैयार कर दिया है। बाकी कार्य एक से दो दिन में पूरा हो जाएगा।
मशीनों से सफाई, उठता रहा कूड़ा : निर्धारित रूट पर दिन में दो से तीन बार मशीनों से सफाई की गई। वहीं कूड़ा भी उठा। यह कार्य देर रात तक जारी रहा।
डेकोरेटिव लाइट लगाने का काम तेज
कमिश्नरी से लेकर इनर रिंग रोड तक डेकोरेटिव लाइट लगाई जा रही हैं। गुरुवार को डेढ़ दर्जन पोल लगाए गए।
डिवाइडर की मरम्मत
निर्धारित रूट पर मरम्मत का कार्य हुआ। कई जगहों पर नई रोड भी बनाई गई।
एक ही रंग और साइज के लगे बोर्ड
एयरपोर्ट से लेकर होटल अमर विलास तक जो भी दुकानें हैं। उन पर एक ही साइज और रंग के बोर्ड लगाए जा रहे हैं। यह कार्य दो दिन में पूरा हो जाएगा।
पेड़ों की हुई धुलाई
निर्धारित रूट पर पेड़ों की धुलाई हुई। यह कार्य सुबह से लेकर रात तक चला।
बनाई गई व्हाइट स्टिप
फतेहाबाद और माल रोड पर व्हाइट स्टिप बनाई गई। जिन स्थलों पर यह नहीं बनी है। उसे शुक्रवार बनाया जा रहा है।
पोल की रंगाई
निर्धारित रूट पर विद्युत पोल के कुछ हिस्से की रंगाई की जा रही है। यह कार्य गुरुवार को भी चला।
अतिक्रमण हटाया, मलबा उठाया
निर्धारित रूट पर कई जगहों पर फिर से अतिक्रमण हो गया था। जिसे नगर निगम की टीम ने हटाया। मलबे को उठाया गया।