निषाद समेत 27 जातियों को आरक्षण न मिला तो नहीं होगा गठबंधन
फतेहाबाद के पूठपुरा में विकासशील इंसान पार्टी की निषाद अधिकार जनचेतना रैली पार्टी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि निषादों को आरक्षण दिलाना ही मुख्य उद्देश्य
जागरण टीम, आगरा। विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के अध्यक्ष और बिहार के पशुधन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि मिशन 2022 में उत्तर प्रदेश में 27 जातियों को आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा से गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य निषाद समेत 27 जातियों को अनुसूचित जाति के आरक्षण का अधिकार दिलाना और जातिगत जनगणना कराना है। वे पार्टी की ओर से फतेहाबाद के पूठपुरा तिराहे पर आयोजित निषाद अधिकार जनचेतना रैली को संबोधित कर रहे थे।
उनका उड़नखटोला (हेलीकाप्टर) शनिवार दोपहर 1:40 बजे फतेहाबाद पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरक्षण की विसंगति को दूर कर क्षेत्रीयता समाप्त कर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, धीवर, कश्यप, कहार, गोड़िया, तुराहा, मांझी, रैकवार, राजभर और नोनिया समेत 27 जातियों को आरक्षण देने का वायदा किया था। यह अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी में 16.5 फीसद से अधिक निषाद हैं। फतेहाबाद, बाह, आगरा ग्रामीण, शिकोहाबाद जैसी 169 विधानसभा क्षेत्रों में 40 हजार से 1.20 लाख निषाद मतदाता हैं। यदि भाजपा ने आरक्षण न दिया तो वीआइपी सामाजिक न्याय आधारित राजनीतिक दलों से गठबंधन कर या अकेले ही चुनावी समर में उतरेगी। उन्होंने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में निषाद समाज को जगाने के लिए वर्ष 2016 में निषाद क्रांति रथ चौधरी लोटन राम निषाद के नेतृत्व में घुमाया। 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में वीरांगना फूलन देवी की 18-18 फीट ऊंची प्रतिमा लगवाने के लिए भेजीं, जिन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के मुखिया के इशारे पर प्रशासन ने नहीं लगने दिया। उनकी सभी प्रतिमाओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा कि हमने ठान लिया है कि फूलन देवी को घर-घर पहुंचाएंगे। उनकी 50 हजार प्रतिमाएं उत्तर प्रदेश में लगाने के लिए बनकर तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वीआइपी 169 सीटों पर मजबूती से लड़ेगी। जरूरत पड़ी तो सभी 403 सीटों पर प्रत्याशियों को लड़ाएंगे। इससे पूर्व रैली को युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर हरिओम निषाद, आत्माराम निषाद, मंडल अध्यक्ष डा. हरीश निषाद, जिलाध्यक्ष महेंद्र निषाद, अवधेश कुमार, मोहन निषाद, नंदकिशोर कश्यप, रामरतन कश्यप भी संबोधित किया। यहां दीपक निषाद, कमल किशोर, विजय, सत्यप्रकाश, आशीष, कृपाल सिंह, जयशंकर, कृष्णकांत, एसएस निषाद, मनीष निषाद मौजूद रहे। तीसरे पहर 3.10 बजे पार्टी अध्यक्ष हेलीकाप्टर से लौट गए।