VHP: आगरा में आम जन के साथ विहिप ने लिया अखंड भारत निर्माण का संकल्प
VHP 14 अगस्त 1947 से पहले वाला चाहिए भारत। गोष्ठी चौपाल अखंड भारत का नक्शा बना कार्यक्रम आयोजित। शुक्रवार को सैंया किरावली बिचपुरी खेरागढ़ क्षेत्र में चौपाल गोष्ठी कार्यक्रम हुए। शनिवार को महानगर के सभी 40 नगरों में आयोजन होंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आम जन में राष्ट्र हित का भाव जगाने, 14 अगस्त 1947 से पहले के अखंड भारत की छवि ह्रदय में बनाने और उसके पुन: निर्माण का संकल्प दिलाने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ब्रज प्रांत में कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। शनिवार तक चलने वाले दो दिवसीय आयोजन में गोष्ठी, समूह कार्यक्रम, चौपाल, अखंड भारत का नक्शा बनाने के कार्यक्रम कर लोगों में उत्साह जगाया जा रहा है और भारत को अखंड बनाने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने बताया कि ब्रजप्रांत के 240 नगरों में भव्य कार्यक्रम हो रहे हैं। देश में होते हुए भी जम्मू-कश्मीर अलग कटा हुआ था, जिसे साथ जोड़ भारत को अखंड बनाने की शुरुआत हो गई है। पाकिस्तान, बांगलादेश हमारे ही टुकड़े हैं, जिनको भी हम अलग नहीं रहने देंगे। इनको वापस भारत का हिस्सा बना अखंड राष्ट्र का निर्माण ही संगठन का संकल्प है, स्वतंत्रता दिवस से पहले दोहराया जाता है।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई गोष्ठी, कल महानगर के 40 नगरों में होंगे आयोजन
शुक्रवार को सैंया, किरावली, बिचपुरी, खेरागढ़ क्षेत्र में चौपाल, गोष्ठी कार्यक्रम हुए। शनिवार को महानगर के सभी 40 नगरों में आयोजन होंगे। प्रांत उपाध्यक्ष ने बताया कि आवास विकास स्थित सेंट्रल पार्क में बड़ा आयोजन होगा, जिसमें अखंड भारत का नक्शा बनाया जाएगा और उसको दीपों से सजाया जाएगा।