Crime Control: आगरा में चोरी रोकने को शुरू किया किराएदारों का सत्यापन
Crime Control दारोगा और बीट सिपाहियों को एक सप्ताह में सत्यापन करने का दिया टारगेट। शहर के बाहरी क्षेत्र की नव विकसित कालोनियों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। छोटे-छोटे चोर पुलिस के लिए चुनौती बन रहे हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सर्दियों की शुरुआत होते ही शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। शहर के बाहरी इलाकों में बने घर अधिक टारगेट किए जा रहे हैं। इसको रोकने के लिए एत्माद्दौला क्षेत्र में पुलिस ने किराएदारों का सत्यापन शुरू किया है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला ने सभी दारोगा और सिपाहियों को बुलाकर बैठक ली। सभी को टास्क दे दिए हैं।
शहर के बाहरी क्षेत्र की नव विकसित कालोनियों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। छोटे-छोटे चोर पुलिस के लिए चुनौती बन रहे हैं। बंद घरों के ताले तोड़कर ये लाखों का माल पार कर ले जा रहे हैं। चौबीस घंटे में शहर में ही चार घटनाएं हो चुकी हैं। इसको देखते हुए इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उमेश चंद्र त्रिपाठी ने किराएदारों का सत्यापन शुरू कराया है। क्योंकि घरों में किराए पर रहने वाले लोगों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। आसपास के जिलों से अपराधी भी आकर बाहरी इलाकों में किराए पर कमरे लेकर रहते हैं। शहर में घटनाएं करने के बाद ये आराम से रुकते हैं। पुलिस सत्यापन में इसकी जानकारी हो जाएगी। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला ने सभी बीट सिपाहियों को अपने-अपने क्षेत्र के घरों में रहने वाले किराएदारों के सत्यापन को सात दिन का समय दिया है। इसके लिए उन्होंने लोगों को भी जागरूक करने को कहा है। अगर वे जागरूक होंगे तो खुद ही किराएदारों का सत्यापन कराएंगे। इसके बाद ही उन्हें किराए पर कमरे या घर देंगे।