विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Vande Bharat Express: आगरा में पहले फूल बरसाए गए, अब वंदे भारत पर बरस रहे पत्थर, कई कोचों के शीशे टूटे

By Jagran NewsEdited By: Shivam Yadav
Published: Thu, 08 Jun 2023 05:47 PM (IST)

मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच सबसे तेज ...और पढ़ें

आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने पत्थरबाजी की घटना से इनकार किया है।
आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने पत्थरबाजी की घटना से इनकार किया है।

आगरा, जागरण टीम। दो महीने पहले जिस वंदे भारत का स्वागत फूल बरसाकर किया गया था, उसी वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर बरसाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच सबसे तेज चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पर अब तक कई बार पथराव हो चुका है, जिसका सबूत ट्रेन के कोचों के टूटे शीशे दे रहे हैं। हालांकि, आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने पत्थरबाजी की घटना से इनकार किया है।

शीशे चटके हुए हैं, फिर भी अधिकारियों ने किया इनकार

जानकारी के मुताबिक, रानी कमलापति से निजामुद्दीन स्टेशन के मध्य चलने वाली वंदे भारत के कई कोच के शीशे चटके। गुरुवार की सुबह यह ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई तो इस पर नजर पड़ी। आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने पत्थरबाजी से इनकार किया है, लेकिन जिस तरीके से शीशे चटके हुए हैं, उसे देखकर तो यही लगता है कि मंडल के आसपास पत्थरबाजी हुई है।

भोपाल रेल मंडल से संचालित होता है रूट

बता दें कि वंदे भारत का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अप्रैल को किया था। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल की पहली वंदे भारत है। इस ट्रेन का रूट भोपाल रेल मंडल से संचालित होता है। शुभारंभ के दिन यह ट्रेन जब आगरा पहुंची थी तो यहां स्टेशन पर भारत माता की जय के नारे और पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया था, लेकिन अब हालात यह हो गए हैं कि ट्रेन पर अब पत्थरबाजी होने लगी है।

दिल्ली से आगरा के बीच हो रहा पथराव

ट्रेन के टूटे शीशों को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। भोपाल रेल मंडल के PRO सूबेदार सिंह ने बताया कि वंदे भारत पर पथराव की 90 फीसदी घटनाएं दिल्ली से आगरा के बीच में हो रही हैं।