जागरण संवाददाता, आगरा : ताजमहल पर रविवार सुबह स्पेनिश पर्यटक को कुत्ते ने काट लिया। पर्यटक को जब आसपास उपचार की कोई व्यवस्था नहीं दिखी तो उसने केमिस्ट से सैनिटाइजर खरीदकर घाव पर लगा लिया। इसके बाद वह ताजमहल देखने चला गया। कुत्ते द्वारा स्पेनिश पर्यटक को काटे जाने से नगर निगम द्वारा ताजमहल पर कुत्तों और बंदरों को पकड़े जाने पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पानी की बोतल से भगाया कुत्ते को दूर

घटनाक्रम रविवार सुबह लगभग आठ बजे का है। ताजगंज के दक्षिणी गेट के नजदीक एक स्पेनिश पर्यटक एक हाथ में काफी और एक में पानी की बोतल लेकर आ रहा था। अचानक से आए कुत्ते ने पर्यटक के पैर में पीछे से काट लिया। पर्यटक ने कुत्ते को पानी की बोतल मारकर दूर भगाया। पर्यटक ने आसपास उपचार की व्यवस्था तलाशी, लेकिन उसे वहां कुछ नजर नहीं आया।

इसके बाद पर्यटक नजदीक स्थित दवा की दुकान पर पहुंचा। कैमिस्ट से उसने सैनिटाइजर लिया और अपने पैर पर लगाया। कुछ देर रुकने के बाद वह ताजमहल देखने चला गया। यह सारा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। नगर निगम द्वारा जी-20 के प्रतिनिधियों की ताजमहल विजिट को कुत्ते व बंदर पकड़े जा रहे हैं। इसके बावजूद कुत्तों व बंदरों का आतंक थमता नजर नहीं आ रहा है। पूर्व में भी कई भारतीय व विदेशी पर्यटकों को कुत्ते काट चुके हैं।

Edited By: Mohammed Ammar