विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा मेट्रो ने बर्बाद किया 19 हजार छात्रों का खेल का मैदान, ध्यानचंद भी खेले थे यहां हॉकी

By Ajay Dubey Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 28 Nov 2026 11:22 PM (GMT+05:30)

आगरा कॉलेज के खेल मैदान पर आगरा मेट्रो के निर्माण से 19 हजार छात्रों के लिए खेल गतिविधियां बंद हो गई हैं, जिससे छात्रों और शिक्षकों में आक्रोश है। कॉलेज प्रशासन मेट्रो पर जमीन हड़पने का आरोप लगा रहा है, जबकि मेट्रो अधिकारी मैदान के सौंदर्यीकरण की बात कह रहे हैं; इस विवाद के समाधान के लिए सोमवार को पैमाइश होगी।

आगरा मेट्रो द्वारा अधिग्रहीत किया गया आगरा कॉलेज का स्पोर्ट्स ग्राउंड।

आगरा मेट्रो द्वारा अधिग्रहीत किया गया आगरा कॉलेज का स्पोर्ट्स ग्राउंड।

जागरण संवाददाता, आगरा। जिस आगरा काॅलेज के खेल मैदान पर हाॅकी के जादूगर ध्यानचंद खेले थे वहां आगरा मेट्रो की पार्किंग के लिए खोदाई की जा रही है। 27 बीघा में फैले मैदान के 70 प्रतिशत हिस्से में भूमिगत मेट्रो स्टेशन बन गया है। कालेज प्रशासन का कहना है कि मेट्रो के अधिकारियों ने भूमिगत निर्माण वाले हिस्से पर किसी भी तरह की खेलकूद गतिविधि ना करने के लिए पूर्व में पत्र दिया था।

इससे काॅलेज के 19 हजार छात्रों का खेल का मैदान बर्बाद हो गया है। छात्रों के खेलने के लिए कोई मैदान नहीं है। सोमवार को मेट्रो और आगरा काॅलेज के बीच खेल के मैदान की जमीन के विवाद के समाधान के लिए पैमाइश कराई जाएगी।

आगरा काॅलेज के मैदान पर आगरा मेट्रो स्टेशन तैयार हो चुका है, इसके पीछे हाॅकी के मैदान में पार्किंग के लिए 40 फीट गहराई तक खोदाई की जा रही है। गुरुवार को शिलापट्टिका भी तोड़ दी गई थी। इसके विरोध में शुक्रवार को काॅलेज के शिक्षक और छात्रों ने जमकर हंगामा किया था। आगरा कालेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि वर्ष 2022 में मेट्रो का काम शुरू हुआ था।

काॅलेज की 5300 वर्ग मीटर जमीन पर मेट्रो ने निर्माण कर लिया है, पार्किंग के लिए भी खोदाई की जा रही है जबकि इस जमीन को लेने के लिए कोई अनुबंध नहीं हुआ था। मैदान पर हाॅकी, क्रिकेट सहित अन्य खेलकूद प्रतियोगिताएं हाेती थीं। यहां मेजर ध्यानचंद झांसी क्लब की ओर से 1950 के आसपास कई बार खेलने आए थे। अपने शानदार खेल के दम पर उन्होंने झांसी की टीम को यहां चैंपियन भी बनाया था।

काॅलेज के 19 हजार से अधिक छात्र 2022 से ही खेल के मैदान पर खेलकूद गतिविधि बंद हैं। कालेज परिसर में लाइब्रेरी के सामने पार्क में खेलकूद गतिविधि कराई जा रही हैं। छात्रों से सालान खेलकूद गतिविधि के लिए 250 रुपये जमा कराए जाते हैं। खेलकूद बंद होने से छात्रों में आक्रोश है।

जमीन का है विवाद, 37 बीघा में खेल मैदान बनाने की मांग

आगरा काॅलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि मेट्रो के निर्माण के लिए गाटा संख्या 255 और 286 क की 1953 वर्ग मीटर भूमि हस्तांतरित करने का उल्लेख है लेकिन मेट्रो स्टेशन खसरा संख्या 281 और 282 पर बना है। वहीं, जिस जमीन को गाटा संख्या 286 बताकर खेल मैदान के दूसरी तरफ स्टेशन बनाया गया है वह खसरा नंबर 281 और 282 है।

यह काॅलेज की संपत्ति है पूर्व में जिलाधिकारी को भी इस संबंध में दस्तावेज उपलब्ध कराए जा चुके हैं। प्राचार्य आवास के पास अतिक्रमण मुक्त कराई गई 37 बीघा जमीन पर मेट्रो से खेल का मैदान तैयार करने की मांग की गई है साथ ही कालेज की जमीन लेने पर 98 लाख का भुगतान किया जाना है। इस संबंध में 13 मांगों पर पूर्व में वार्ता भी हो चुकी है।

मेट्रो ने खेल के मैदान पर किसी तरह की फिजिकल एक्टिविटी ना करने का पत्र दिया था, इससे छात्रों में आक्रोश है। तीन वर्ष से छात्र इसी उम्मीद में थे कि मेट्रो का काम पूरा होने के बाद खेलकूद गतिविधि शुरू हो जाएंगी। जरूरत पड़ी तो कोर्ट भी जाएंगे।
प्रो. सीके गौतम, प्राचार्य आगरा काॅलेज

आगरा काॅलेज के खेल के मैदान पर पूर्व की तरह से ही खेलकूद गतिविध हो सकेंगी इस पर कोई रोक नहीं है। गहरी खोदाई के लिए मेट्रो से अनुमति लेनी होगी। मैदान का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक आगरा मेट्रो

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।