विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLC Election 2026: 14-14 टेबलों में होगी मतों की गिनती, दोपहर तक आएंगे नतीजे

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:43 PM (IST)

आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से गल्ला मंडी फिरोजाबाद रोड ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. 27 अक्टूबर सुबह 8 बजे से मतगणना का कार्य शुरू।

  2. दोपहर 12 बजे तक घोषित होंगे चुनाव के परिणाम।

  3. 510 कर्मचारी ड्यूटी पर, वीडियोग्राफी व सीसीटीवी निगरानी।

जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र विधानपरिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से गल्ला मंडी फिरोजाबाद रोड में शुरू होगी। शिक्षक और स्नातक में 14-14 टेबल होंगी। मतगणना में 510 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है।

प्रत्येक टेबल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। दोपहर 12 बजे परिणाम आएगा। सबसे पहले स्नातक और फिर शिक्षक सीट का परिणाम घोषित होगा।

27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

आगरा खंड में 12 जिले शामिल हैं। शिक्षक में 63.84 प्रतिशत और स्नातक में 51 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के बाद गल्ला मंडी फिरोजाबाद रोड में बनाए गए 12 स्ट्रांग रूम में 412 मतपेटिकाओं को रखा गया है। 27 अक्टूबर की सुबह सात बजे सभी स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा। सुबह आठ बजे स्ट्रांग रूम से बूथवार मतपेटिकाएं पंडाल में पहुंचेंगी। प्रत्येक टेबल में मौजूद चार कर्मचारियों द्वारा बैलेट पेपर के बंडर बनाए जाएंगे। इस कार्य में दो से ढाई घंटे का समय लगेगा।

प्रत्येक टेबल की होगी वीडियोग्राफी, सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी नजर

सुबह साढ़े 10 बजे से शिक्षक में 12 और स्नातक में 13 प्रत्याशियों के मतों की गणना शुरू होगी। इसमें एक से डेढ़ घंटे का समय लगेगा। ऐसे में दोपहर 12 बजे तक सबसे पहले स्नातक और फिर शिक्षक का परिणाम आएगा। मंडलायुक्त और रिटर्निंग अधिकारी नगेंद्र प्रताप ने बताया कि 510 कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। शिक्षक और स्नातक में 14-14 टेबलों में मतों की गिनती होगी। गल्ला मंडी परिसर में 25 साउंड सिस्टम लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- शिक्षक चुनाव 2026: धांधली और बूथ कैप्चरिंग की शिकायत, आगरा के तीन बूथों पर कल फिर पड़ेंगे वोट

स्नातक चुनाव में महिला मतदाताओं की बेरुखी, शिक्षक चुनाव में भी पुरुष रहे आगे

एमएलसी स्नातक चुनाव में महिला मतदाताओं की बेरुखी रही है। जिले में 41.1 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया है। इसके विपरीत 65.8 प्रतिशत पुरुषों ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया गया है। शिक्षक चुनाव में भी पुरुष आगे रहे हैं। 65.8 प्रतिशत पुरुषों और 49.6 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया है। जिले में दोनों सीट में 40 हजार मतदाता हैं।

अगर शिक्षक चुनाव की बात की जाए तो कुल 59.80 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह से स्नातक चुनाव में 49.7 प्रतिशत मतदान हुआ है। वर्ष 2020 में हुए चुनाव के मुकाबले कम है। पिछली बार पुरुष मतदाताओं के कंधे से कंधा मिलाकर महिला मतदाताओं ने मतदान किया था।