आगरा: विधानसभा 2027 के रण को PDA के साथ पीड़ितों के लिए काम करेगी सपा, अखिलेश ने दिए संकेत
सपा आगरा में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, जिसके लिए वह दलितों, पिछड़ों और ...और पढ़ें

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
जागरण संवाददाता, आगरा। दलितों के गढ़ कहे जाने वाले आगरा में पश्चिमी उप्र के दलित महासम्मेलन को मिले जनसमर्थन से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व आगरा में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है। उसका ध्यान बसपा से छिटकते वोट बैंक को पार्टी से जोड़ने पर है। वर्ष 2027 के चुनावी रण में सफलता पाने को सपा पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) के साथ पीड़ितों के लिए काम करेगी।
दलित महासम्मेलन में आए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परेशान व्यापारी वर्ग पर ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। सपा सरकार के कार्यकाल (2012-17) के अधूरे प्रोजेक्ट्स की सूची भी तैयार करने को कहा गया है। सपा आगरा में अपना राजनीतिक अस्तित्व बढ़ाना चाहती है। सपा के टिकट पर वर्ष 1993 में एत्मादपुर विधानसभा सीट से चंद्रभान मौर्य और 2012 में बाह विधानसभा सीट से अरिदमन सिंह ही जीत सके हैं।
2017 और 2022 के चुनाव में सपा और बसपा का सूपड़ा साफ हो गया था। भाजपा ने नौ की नौ सीटों पर क्लीन स्वीप किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण को खतरे के दाव के चलते आगरा सुरक्षित सीट से सपा प्रत्याशी सुरेश चंद कर्दम दूसरे स्थान पर रहे थे और बसपा प्रत्याशी पूजा अमरोही तीसरे स्थान पर रही थीं।
2027 के विधानसभा चुनाव को सपा केवल पीडीए तक ही सीमित नहीं रहना चाहती है। आगरा में वैश्य और ब्राह्मण मतदाता अच्छी संख्या में हैं। उन्हें संगठन से जोड़ने के लिए शीर्ष नेतृत्व विधानसभा चुनाव से पूर्व विशेष ध्यान देगा।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी वर्गों के पीड़ितों के लिए काम करने के निर्देश दिए हैं। व्यापारी वर्ग भाजपा सरकार में काफी परेशान हैं, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
वहीं, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने बताया कि दलित महासम्मेलन से पूर्व विधानसभा स्तर पर दलित और पिछ़ड़ों के सम्मेलन आयोजित किए गए थे। शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों पर लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम निरंतर जारी रहेगा।
पीडीए का 'ए' अग्रवाल
दलित महासम्मेलन में आए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से दक्षिण विधानसभा सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने मुलाकात की। उन्होंने पीडीए की परिकल्पना में 'ए' फार अग्रवाल शामिल कर वैश्य समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देने का आभार जताया। अखिलेश यादव ने विनय के 'वी' को विक्ट्री कहा।
विनय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी रहीं ममता टपलू ने महासम्मेलन में अखिलेश यादव को बुके देकर स्वागत किया। ममता टपलू ने कहा कि आगरा का दलित महासम्मेलन सम्मेलन एक नई मिसाल कायम करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।