Unlock-1.0: 75 दिन बाद रनवे से भरी गई उड़ान, जयपुर से आगरा आई फ्लाइट
Unlock-1.0 आगरा एयरपोर्ट पर कैमरों से हुई जांच यात्रियों की हुई थर्मल स्क्रीनिंग। 34 मिनट लेट आई फ्लाइट।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में 75 दिन बाद सोमवार को एयरलाइंस की घरेलू विमान सेवाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन यह विमान 34 मिनट की देरी से आया। मंगलवार को फिर यह फ्लाइट आएगी। आगरा एयरपोर्ट निदेशक कुसमलता दास ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए विमान से उतारा और प्रवेश कराया गया।
जयपुर से आगरा एयरलाइंस का यह विमान आगरा एयरपोर्ट पर सोमवार को प्रात: 8.30 बजे आना था पर 34 मिनट लेट प्रात: 9.04 बजे आया। आगरा से यह विमान प्रात: 9.10 बजे जयपुर के लिए रवाना होना था पर 46 मिनट लेट प्रात 9.56 पर रवाना हुआ। जयपुर से आगरा चार व आगरा से जयपुर 8 यात्री रवाना हुए। उन्होंने बताया कि इस विमान का संचालन सुचारू रूप से शुरू हो गया है। मंगलवार को भी फ्लाइट आएगी। यात्रा के लिए सभी जरूरतों और एसओपी के साथ वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई है।
एयरपोर्ट पर ऐसे बरती गई सतर्कता
- विमान से आने वाले 04 यात्रियों के हवाई अड्डे से बाहर निकलने से पहले लिंक पर पंजीकरण कराया गया।
- चारों ही यात्री आगरा के निवासी थे, इसलिए उन्हें 14 दिन के होम क्वारंटाइन में रहने के लिए कहा गया।
- आज से छठवें दिन परीक्षण कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आने पर होम क्वारंटाइन समाप्त करने की भी बात की गई।
- एयरपोर्ट सेे निकलने पर सुरक्षा कर्मियों ने पीडीएफ की जांच की। सभी यात्रियों को सोशल डिस्टंसिंग, मास्क व सैनिटाइजर रखने के निर्देश दिए गए।
ये थी व्यवस्था
- एयरपोर्ट के घरेलू टॢमनल के बाहर सड़क तक पीले रंग के गोले बनाए गए। एक एक कर यात्री गोले में कदम रखते हुए आगे बढ़ेंगे। पूरे परिसर को विसंक्रमित किया गया।
- यात्रियों के एयरपोर्ट पर पहुंचने पर डॉमेस्टिक टॢमनल से बाहर निकलने के लिए ट्रैक्सी की सुविधा दी गई।
आईएसबीटी पर शुरू हुआ यात्री बसों का संचालन
परिवहन निगम की बसों का संचालन सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गया। रात से इंतजार कर रहे 32 श्रमिकों को सबसे पहले देहरादून निशुल्क रवाना किया गया। इसके बाद पहली बस 26 सवारी लेकर नोएडा गई। आईएसबीटी पर विभिन्न रूटों की सवारियों की भीड़ उमड़ रही है। अभी तक तीन बसेंं नोएडा, तीन कानपुर, तीन लखनऊ, एक बरेली, एक मुजफ्फरनगर, एक बुलंदशहर दो मथुरा के लिए रवाना की गईंं। मुरादाबाद के लिए अधिक यात्री संख्या नहीं होने पर बस नहीं भेजी गई। ऐसे कुछ यात्री बुलंदशहर की बस में अलीगढ़ तक चले गए। अधिक यात्री संख्या होने के कारण आईएसबीटी पर शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो सका।