Accident at Agra Lucknow Expressway: आगरा में लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसे में दो की मौत
Accident at Agra Lucknow Expressway फतेहाबाद क्षेत्र में किमी 23 पर क्रेटा कार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर। कार सवार युवक अंदर ही फंस गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा।
आगरा, जागरण संवाददाता। लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। कार सवार दाे युवकों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर किदवई नगर निवासी निवासी 19 वर्षीय आदित्य शुक्ला अपने दोस्त गोविंद नगर निवासी 22 वर्षीय मयंक वर्मा , मयूर वर्मा, शुभम शुक्ला और अमरजीत के साथ शुक्रवार रात को क्रेटा कार से हरिद्वार के लिए निकले थे। रात दो बजे वे लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फतेहाबाद क्षेत्र में किमी 23 पर पहुंचे। तभी पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। कार सवार युवक अंदर ही फंस गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा। इनमें से आदित्य शुक्ला और मयंक की मौत हो गई। जबकि मयूर, शुभम और अमरजीत को पुलिस ने एसएन इमरजेंसी में भर्ती करा दिया। पुलिस ने स्वजन को भी सूचना दे दी। वे घायलों को इलाज के लिए कानपुर ले गए।
इकलौता था आदित्य, पिता का हो चुका है देहांत
हादसे की जानकारी होने के बाद स्वजन आगरा आ गए। स्वजन ने बताया कि आदित्य इकलौता बेटा था। उसके पिता का काफी समय पहले देहांत हो चुका है। घर में उसकी मां और बड़ी बहन है। आदित्य का ही दोनों को सहारा था। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।