रोटी मांगकर घर में घुसे दो सगे गार्ड भाइयों ने किशाेरी से किया दुष्कर्म, लोगों ने पकड़कर पीटा, बुलाई पुलिस
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी में थे और उन्होंने किशोरी से रोटी मांगने के बहाने घर में प्रवेश किया। बस्ती के लोगों ने मौके पर जुट कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।

जागरण संवाददाता, आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में मंगलवार दिनदहाड़े दुस्साहसिक घटना से सनसनी फैल गई। रोटी मांगने के बहाने घर में घुसे सिक्योरिटी एजेंसी में गार्ड सगे भाइयों ने किशोरी को अकेला देख दबोच लिया। धमकी देकर दुष्कर्म किया।
किशोरी की छह वर्षीय छोटी बहन द्वारा घर से बाहर आकर शोर मचाने पर जुटे बस्ती के लोगों दुराचारियों को दबोच लिया। उनकी पिटाई करके पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं।
यह है पूरा मामला
घटना मंगलवार दोपहर एक बजे की है। सिकंदरा क्षेत्र में किराए पर रहने वाले राजमिस्त्री काम पर हुए् थे। उनकी पत्नी घरों में झाड़ू पोंछा करने गई थीं। राजमिस्त्री की 14 वर्षीय बेटी छोटी बहन को स्कूल से घर लेकर आ रही थी।
गली के मोड़ पर सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी में दो अपरिचित मिले। किशोरी से खाने के लिए रोटी मांगने लगे। किशोरी ने घर चलने को कहा, दोनों को दरवाजे पर खड़ा करके वह अंदर रोटी लेने चली गई।
इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड बाहर कमरे में आ गए। किशोरी से पूछने लगे कि घर में कौन-कौन रहता है। उसने माता-पिता के काम पर जाने की बताया, जिसके बाद दोनों ने उसे दबोच लिया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर किशोरी से दोनों ने दुष्कर्म किया। इस बीच रसोई से कमरे में आयी छह वर्षीय बच्ची कमरे में पहुंची तो अपरिचितों को अंदर देख भागकर गली में आई। महिलाओं को घर में घुसे लोगों के बारे में जानकारी दी।
महिलाओं के शोर मचाने पर बस्ती के लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने दोनों गार्ड को मौके से दबोच लिया। किशोरी के साथ दुष्कर्म से आक्रोशित भीड़ ने सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई लगा दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम शैलेंद्र कुमार दुबे और योगेंद्र कुमार दुबे बताया। दोनों नशे में बुरी तरह से धुत थे।
इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी सगे भाई हैं। वह गांव पखना थाना मिढाकुर जिला फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। सिकंदरा क्षेत्र स्थित तोमर सिक्याेरिटी एजेंसी में दो वर्ष से गार्ड है। सिकंदरा रेलवे ओवर ब्रिज के पास किराए पर रहते थे। आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी का मेडिकल कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।