CoronaVirus: कान्हा की नगरी में भी संक्रमण की दस्तक, दो में हुई पुष्टि
आगरा में अब तक 53 कोरोना संक्रमित केस सामने आ चुके हैं। मंडल के फीरोजाबाद और मैनपुरी में भी मिल चुके हैं चार- चार मामले।
मथुरा, जेएनएन। कान्हा की नगरी में भी सोमवार को कोरोना ने दस्तक दे दी। दिल्ली से लौटेे एक जमाती व आगरा की एक महिला की जांच में कोरोना पाॅजिटिव मिला। पुष्टि होने के बाद भी हरकत में आए प्रशासन ने संबंधित इलाकों में सर्च अभियान चलाया। जिनमें कोरोना की पुष्टि हुई है, उनके बारे में पड़ताल की जा रही है, वह किस-किस से संपर्क में आए ये खंगाला जा रहा है।
दिल्ली की जमात से 30 लोग 19 मार्च को लौटे थे। ये सभी ओल की बड़ी मस्जिद में रुके थे। पांच दिन पहले ही पुलिस ने इन्हें वहां से निकालकर रेलवे के गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन किया था। इनमें 29 जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि सोमवार को एक जमाती की रिपोर्ट में कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई। उधर, आगरा के मंटोला इलाके की एक महिला को किडनी की दिक्कत थी। उसका काफी दिनों से इलाज चल रहा था। 52 वर्षीय महिला को आगरा के एक नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था, वहां से 3 अप्रैल को मथुरा के नयति हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला की हालत काफी नाजुक होने के कारण उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। उसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर अलीगढ़ लैब भेजा था। सोमवार को आई रिपोर्ट में उसमें कोरोना की पुष्टि हुई। महिला को कोरोना संक्रमित कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए आगरा के जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई है। महिला आगरा से मथुरा एक एंबुलेंस से आई थी। वह आगरा में किस-किस के संपर्क में आई है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा ने बताया ने जमाती और महिला में कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि करते हुए बताया कि जमाती के ओल और शहर में छह स्थानों पर रहने की बात पता चली है। उन इलाकों का एक किमी का दायरा सील किया जा रहा है। वहीं महिला कैसे संक्रमित हुई, उसकी केस हिस्ट्री पता करने के लिए आगरा के जिला प्रशासन को सूचना दी गई है।