Sanjay Place बंद: आरपार की लड़ाई के मूड में व्यापारी, नगर निगम का किया पुतला दहन Agra News
पार्किंग शुल्क के विरोध में व्यापारी सामूहिक रूप से देंगे भाजपा से इस्तीफा। सपा नेताओं ने भी दिया व्यापारियों को समर्थन।
आगरा, जागरण संवाददाता। संजय प्लेस में पार्किंग के विरोध में व्यापारियों का धरना नौवें दिन भी जारी है। अभी तक सुनवाई न होने पर व्यापारियों ने बुधवार सुबह से बाजार बंद किया हुआ हैैै। विरोध में व्यापारियों ने नगर निगम का पुतला फूंका।
संजय प्लेस में पुलिस चौकी वाले ब्लॉक में व्यापारी नौंवे दिन भी धरने पर बैठे हुए हैं। बुधवार को विरोध जताने के लिए व्यापारियों ने संजय प्लेस बाजार बंद रखकर नगर निगम का पुतला फूंका। वहीं इससे पूर्व धरने के आठवें दिन मंगलवार को भैंस के आगे बीन बजाते हुए जुलूस निकाला था। व्यापारियों का कहना है कि नौ दिन होने के बाद भी अभी तक न तो नगर निगम और न ही किसी जनप्रतिनिधि उनसे बात करना आया है। ट्विटर और सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संगठन मंत्री सुनील बंसल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई है। संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव हीरेन अग्रवाल ने बताया कि सभी व्यापारियों ने पार्किंग के विरोध में बाजार बंदी का निर्णय लिया है। इसके साथ सभी व्यापारी सामूहिक रूप से भाजपा से अपनी आस्था तोड़ते हुए इस्तीफा देंगे। धरने में केएन अग्निहोत्री, बीएस बघेल, किरबल प्रताप सिंह, विनय मित्तल, आरएस सेंगर, सौरभ शर्मा, रणवीर सिंह, ललित नारायण, कोमल सुराना आदि उपस्थित रहे।
धरनास्थल पर भरा सीवर का पानी
संजय प्लेस में धरना स्थल पर मंगलवार को सीवर का पानी भर गया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर सीवर का पानी धरना स्थल की ओर छोड़ा गया है।
सपा नेताओं ने दिया समर्थन
धरने में पहुंचकर सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव, एमएलसी असीम यादव, राजपाल यादव ने अपना समर्थन दिया। नेशनल चैंबर के अध्यक्ष श्रीकिशन गोयल, उपाध्यक्ष मनोज बंसल, संजय गोयल, अनूप जिंदल व आम आदमी पार्टी के कपिल वाजपेई ने भी अपना समर्थन दिया।