CoronaVirus: कोसों दूर से आए पर्यटकों को कोसों दूर से ही ताज देख करना पड़ रहा संतोष
ग्यारह सीढ़ी मैदान में भी लोगों का प्रवेश बंद शनिवार से ही नजर आए जनता कर्फ्यू के हालात।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस के चलते रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता कर्फ्यू की अपील का असर ताजनगरी में जगह-जगह दिख रहा है। सड़कों पर अपेक्षाकृत भीड़ शनिवार से ही कम हो गई थी। इधर ताजमहल बंद होने के चलते पर्यटक दूर से ही ताज देखकर लौट रहे हैं। ग्यारह सीढ़ी मैदान में लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। वहीं, दशहरा घाट पर सन्नाटा पसरा रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। ताजनगरी में जनता कफ्र्यू को पूर्ण समर्थन मिल रहा है। यहां शनिवार से ही इसका असर नजर आया। पर्यटन स्थल तो 17 को ही बन्द हो गए थे, लेकिन। आगरा किला को बाहर से और ताजमहल को दशहरा घाट या ग्यारह सीढ़ी मैदान से पर्यटक निहार रहे थे। शनिवार को ऐसा देखने को नहीं मिला। आगरा किला के बाहर व दशहरा घाट पर सन्नाटा पसरा रहा। गुवाहाटी से आया पर्यटकों का ग्रुप यमुना पार ग्यारह सीढ़ी मैदान पहुंचा था। मगर, मैदान में उन्हें प्रवेश नहीं मिला। वो मैदान के बाहर सड़क से ही दूर नजर आते ताजमहल को देखकर लौट गए।
'हम बहुत अरमान लेकर ताज देखने आए थे। सोचा था कि ताजमहल बन्द है तो क्या हुआ, हम पीछे जाकर उसे निहार लेंगे। गार्डन बन्द होने से दूर से ही ताज देखकर लौट रहे हैं। बहुत बुरा महसूस हो रहा है'।
-सुनीता उडगरी
'बहुत लंबे समय से ताजमहल देखने की इच्छा मन में थी। घर से जब चले थे, तब स्मारक खुले हुए थे। अन्य जगह घूमते हुए यहां पहुंचे तो पीछे से भी ताजमहल नहीं देख सके। दोबारा ताजमहल देखने आएंगे'।
-उनीमा वोद्वारा
'ताजमहल नहीं देख पाने का मलाल ताउम्र रहेगा। ताज के इतना नजदीक आकर भी उसे देखे बगैर लौटना पड़ रहा है। अगर गार्डन खुला होता तो कम से कम थोड़ा पास से ताजमहल को देख लेते'।
-कंकन दास