Tourist Season in Agra: ताजनगरी में पर्यटन सीजन शुरू, विदेशी पर्यटकों का करना होगा इंतजार
Tourist Season in Agra विदेशी पर्यटकों पर अधिक आश्रित रहता है आगरा का पर्यटन कारोबार। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू नहीं होने से आना मुश्किल। भारतीय पर्यटक आना शुरू हुए हैं लेकिन उनकी संख्या भी बीते वर्ष की अपेक्षा 10 फीसद ही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पर्यटन सीजन की शुरुआत गुरुवार से हो गई। कोरोना काल में छह माह की बंदी झेलने के बाद पर्यटन कारोबार उबरने की कोशिशों में जुटा हुआ है। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू नहीं होने से अभी विदेशी पर्यटकों का आना संभव नहीं है। उनका तो इंतजार करना होगा। भारतीय पर्यटक आना शुरू हुए हैं, लेकिन उनकी संख्या भी बीते वर्ष की अपेक्षा 10 फीसद ही है।
ताजमहल के कद्रदान दुनिया के कोने-कोने से उसके दीदार को आगरा आते हैं। वर्ष 2019 में ताजमहल देखने 49.45 लाख भारतीय और 8.49 लाख विदेशी पर्यटक आए थे। अागरा का पर्यटन कारोबार भारतीयों की अधिक संख्या के बावजूद विदेशी पर्यटकों पर अधिक निर्भर करता है। करीब 50 फीसद विदेशी पर्यटक यहां न केवल रात्रि प्रवास करते हैं, बल्कि हैंडीक्राफ्ट के सामान की खरीदारी भी करते हैं। टूर ऑपरेटर, गाइड व फोटोग्राफर को भी उनके आने पर काम मिलता है। इसे इस बात से भी समझ सकते हैं कि 21 सितंबर को ताजमहल खुलने के बावजूद विदेशी पर्यटकों के आने की उम्मीद नहीं होने से शहर के बड़े हैंडीक्राफ्ट एंपोरियम बंद हैं। ताजमहल देखने फिलहाल करीब दो हजार पर्यटक प्रतिदिन आ रहे हैं, जबकि कोरोना काल से पूर्व औसतन 20 हजार पर्यटक प्रतिदिन आया करते थे। यहां पर्यटन सीजन अक्टूबर से मार्च तक रहता है, जिसमें ऑफ सीजन (अप्रैल से सितंबर) की अपेक्षा विदेशी पर्यटक अधिक आते हैं। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू होने के बाद भी करीब दो माह तक विदेशी पर्यटकों का इंतजार करना पड़ेगा।
पिछले वर्षों में ताजमहल पर आए पर्यटक
वर्ष, भारतीय, विदेशी
2017, 5604461, 857456
2018, 5978445, 908722
2019, 4945836, 849542
विदेशी पर्यटकों का भ्रमण कार्यक्रम तीन से छह माह पूर्व तैयार हो जाता है। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू होने के बाद ही हम विदेशी टूर ऑपरेटरों को बता पाएंगे। इसके बाद ही वो देश को अपनी आइटनरी में शामिल करेंगे।
-सुनील गुप्ता, चेयरमैन नोर्दर्न रीजन, इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स
अमेरिका, चीन, यूरोपीय देशों ने अपने नागरिकों के यात्रा करने पर रोक लगा रखी है। इन्हीं देशों से अधिक पर्यटक भारत घूमने आते हैं। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू होने के बाद भी हमें विदेशी पर्यटकों का इंतजार करना होगा।
-राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा