Top Agra News of the Day 6th July 2019, टोल पर सांसद की गुंडई, कार में दुष्कर्म, जिला योजना पर मुहर
सांसद रामशंकर कठेरिया पर रहनकलां टोलकर्मियों से मारपीट पर मुकदमा दर्ज। मैनपुरी में दंपती से लूट के बाद महिला से कार में सामूहिक दुष्कर्म। डिप्टी सीएम ने जिला योजना को दी मंजूरी।
आगरा, जेएनएन। ब्रज मंडल में शनिवार, 6 जुलाई 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
सांसद कठेरिया पर मुकदमा
इटावा के भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया पर एत्मादपुर थाने में टोल कर्मियों से मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि सांसद कठेरिया इनर रिंग रोड पर स्थित रहनकलां टोल पर तड़के 3.45 बजे अपने समर्थकों व एक बस के साथ पहुंचे। यहां से एक साथ कई गाडि़यां निकाले जाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सांसद और उनके सुरक्षाकर्मियों ने टोल कर्मचारियों की पिटाई और हवाई फायरिंग भी की। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पेश की गई है। हालांकि सांसद कठेरिया ने देर शाम अपनी तरफ से भी तहरीर ई-मेल से भेजी है।
मैनपुरी में लूट के बाद महिला से दुष्कर्म
मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र पर जीटी रोड पर बाइक सवार एक दंपती से कार सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात 10 बजे लूट की। इसके बाद पत्नी को बदमाश कार में डाल कर ले गए। तमंचे के दम पर महिला से चलती कार में बदमाशों ने दुष्कर्म किया। उधर पति मदद के लिए इधर-उधर भटकता रहा। पास ही स्थित एक गांव के लोग मदद को आगे आए और पुलिस को सूचना दी। तब तक बदमाश महिला को सड़क किनारे फेंक कर भाग निकले। दोपहर तक पुलिस मामले को दबाए रही। मीडिया के पास खबर पहुंचने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
4.62 अरब की जिला योजना को मंजूरी
उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने शनिवार को 4.62 अरब की जिला योजना पर मुहर लगा दी। डिप्टी सीएम आगरा में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने आए थे। इस दाैरान पार्टी की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश भर में 1.63 लाख बूथ हैं। लोकसभा चुनावों में पार्टी में 1.33 लाख बूथों पर पार्टी जीती है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता होने का हमें गर्व होना चाहिए।