आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में गुरुवार, 31 अक्टूबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
सांसद बघेल ने किया कोर्ट में सरेंडर
वर्ष 2016 में धारा 144 का उल्लंघन किए जाने के मामले में आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक एत्मादपुर रामप्रताप सिंह चौहान ने गुरुवार दोपहर आगरा में सीजेएम कोर्ट में समर्पण कर दिया। एत्मादपुर में लाउडस्पीकर एवं बैनर आदि लगाकर धरना-प्रदर्शन किए जाने पर एसडीएम के आदेश का उल्लंघन करने पर ये मुकदमा दर्ज किया गया था। सीजेएम ने 20-20 हजार के मुचलके पर दोनों की जमानत मंजूर कर ली।
रन फॉर यूनिटी में दौड़ा आगरा
लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में आगरावासियों ने जोर-शोर सेे भाग लिया। एकलव्य स्टेडियम पर स्कूली छात्र, पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारी व उनके स्वजन, दीवानी चौराहा पर भाजपा नेता एवं एनसीसी कैडेट्स रन फॉर यूनिटी में शामिल हुए। इसके साथ ही विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने की शपथ ली। मथुरा, फीरोजाबाद, एटा, मैनपुरी और कासगंज में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डेंगू से मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की मौत
डेंगू का डंक गुरुवार को आगरा मंडल में दो की जान ले गया। मैनपुरी में तैनात मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पुष्प कुमार को बीते 19 अक्टूबर को डेंगू हुआ था। शुरुआत में मैनपुरी के ही अस्पताल में उनका इलाज चलता रहा। यहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें करीब 10 दिन पहले उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह करीब चार बजे दिल्ली में ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं एटा में डीएम आवास पर तैनात होमगार्ड जवान पन्नालाल (45) की भी डेंगू से गुरुवार को मौत हो गई।