Top Agra News of the Day 27th September 2019, ताज पर कुकर की सनसनी, धमाके की गूंज से सहमेे लोग, लुढ़का तापमान
ताजमहल के पास कुकर मिलने से मचा हड़कंप खाली होने पर राहत की सांस। ताजनगरी के अलावा ब्रज में कई जगह सुनाई दी धमाके की आवाज। लगातार हो रही बारिश से एसी कूलर हुए बंद।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में शुक्रवार, 27 सितंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
ताज के पास कुकर से फैली सनसनी
ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित रेवती के बाड़े में शुक्रवार सुबह कुकर मिलने से सनसनी फैल गई है। सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ताज के पूर्वी गेट से पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश दिया जाता है। स्मारक के रेड जोन में रेवती का बाड़ा आता है। यहां की सुरक्षा का जिम्मदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल संभालती है। सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ता की टीम को जांच के लिए बुला लिया गया। जांच में कुकर में कुछ नहीं मिला। फिलहाल सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं।
धमाके की रही आगरा-मैनपुरी में चर्चा
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे से आगरा से लेकर शमशाबाद, मलपुरा के दूर दराज के गांव तक में तेज गूंज सुनाई दी। इसके बाद लोग दहशत में आ गए। पहले लोगों ने सोचा कि आसपास कहीं बिजली गिरी होगी। जानकारी जुटाई गई तो बिजली गिरने की कोई सूचना नहीं थी। आवाज की जानकारी करने के लिए फोन एक दूसरे के पास आने लगे। वहीं शहरी क्षेत्र में भूकंप को लेकर अफवाह फैल गई। उधर मैनपुरी में तेज धमाके की आवाज आने का यह तीसरा मामला था। इससे पूर्व दो बार भी तेज धमाके की आवाज यहां सनसनी बन चुकी है। माना यह जा रहा है कि सुपरसोनिक विमान गुजरने पर यह गूंज सुनाई दी।
एसी-कूलर बंद, तापमान छह डिग्री नीचे
मौसम ने सितंबर माह में अचानक करवट बदल ली हे। काले बादलों के पीछे से सूर्य देव दर्शन नहीं दे रहे। कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी तेज झमाझम मौसम के मिजाज को समझने का मौका ही नहीं दे रही। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिन राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। तेज हवाओं के साथ बारिश का क्रम जारी रहेगा। सूर्य देव कुछ देर के लिए दर्शन दे सकते हैं, लेकिन उसके बाद ही काले घने बादल उन्हें फिर से अपने आगोश में ले लेंगे। इधर बारिश से अधिकतम तापमान छह डिग्री लुढ़क गया है। एसी और कूलर बंद हो गए हैं। पंखे में भी ठंड महसूस हो रही है।