Top Agra News of the Day 24th October 2019, राज्यपाल ने किया पादुका पूजन, एबीआरसी गिरफ्तार, गोमांस बिक्री का हल्ला
राज्यपाल आनंदी बेन ने वृंदावन में वितरित किया मिड डे मील। रंगे हाथ रिश्वत लेते एबीआरसी गिरफ्तार। गोमांस की सूचना पर दौड़ी पुलिस।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में गुरुवार, 24 अक्टूबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
राज्यपाल हुईं पादुकोत्सव में शामिल
प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल गुरुवार को चंद्रोदय मंदिर में आयोजित चरणपादुकोत्सव में शामिल हुईं। राज्यपाल ने राधादामोदर मंदिर में दर्शन व पूजन के साथ पादुका पूजन किया। ठा. बांकेबिहारी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तो अक्षयपात्र स्थित वृंदावनचंद्र मंदिर में आरती के दर्शन भी किए। इस मौके पर राज्यपाल ने अक्षयपात्र में संचालित आधुनिक रसोई का अवलोकन कर स्कूली बच्चों को मिड डे मील भी परोसा।
एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा एबीआरसी
एंटी करप्शन की टीम ने बीआरसी बरौली अहीर से एबीआरसी हरिओम दुबे को गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 23 अक्टूबर को शिकायतकर्ता सहायक अध्यापक देवेंद्र कुमार कुशवाहा ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन आगरा इकाई को प्रार्थना पत्र दिया था कि एबीआरसी हरिओम दुबे द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। इस शिकायत की गोपनीय जांच की गई तो तथ्य सही पाए गए। गुरुवार को टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गोमांस बिक्री की खबर पर छापा
ताजनगरी में गुरुवार को हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों के पास सूचना पहुंची कि थाना न्यू आगरा क्षेत्र में दरगाह अबुल उल्लाह इलाके में दुकान पर गोकशी कर गोमांस बेचा जा रहा है। मुस्लिम बाहुल्य इलाके में संगठन कार्यकर्ता ने सीधे खुद न जाकर पुलिस को खबर कर दी। थाने से तुरंत ही फोर्स इलाके में पहुंच गया। यहां दुकान पर छापा मारकर जब्त मांस को लैब में जांच के लिए भेज दिया। विक्रेता को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।