Top Agra News of the Day 17th December 2019, मथुरा में दींं गिरफ्तारी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले बेफिजूल विरोध, युवक की हत्या का राजफाश
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मथुरा में दी 36 लोगों ने गिरफ्तारी। मैनपुरी में स्वतंत्र देव ने कहा कांग्रेस करा रही विरोध। झरना नाले पर मिले शव की सुलझी गुत्थी।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में मंगलवार, 17 दिसंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
मथुरा में सीएए के विरोध में प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन कानून के विराेेेध में मथुरा में चिंगारी भड़क रही है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी के सदस्यों ने गिरफ्तारी दी। उनके साथ अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष लुकेश राही भी शामिल रहे। अब तक कुल 37 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इधर दूसरे जिलों में विरोध को देखते हुए ब्रज मंडल के सभी जिलों में हाई अलर्ट रहा। आगरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में पुलिस फाेर्स मिश्रित आबादी वाले इलाकों में मुस्तैद रहा।
विरोध केवल कांग्रेस की देन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को मैनपुरी दौरे के दौरान कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध केवल कांग्रेस की देन है। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश की न खुशी चाहती है और न ही तरक्की। राष्ट्रहित और शोषितों-पीडि़तों के हित के लिए बनाए गए कानून पर भी गलत बयानी कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। सीएए का देश के निवासी से कोई संबंध नहीं है। यह पड़ोसी देशों के पीडि़त-उत्पीडि़त अल्पसंख्यकों की मदद के लिए बनाया गया है। यह नागरिकता देने के लिए है, किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं।
जंगल में मिली लाश का खुला राज
झरना नाले के जंगल में मिली लाश का राज खुल गया है। थाना डौकी के नगला ताक निवासी अजय ((25) पुत्र राम औतार एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। वह 12 दिसंबर को छत्ता क्षेत्र से लापता था। पुलिस ने छानबीन शुरू की। कॉल डिटेल के आधार पर शक की सुई अजय की भाभी प्रेमलता पर गई। पुलिस ने भाभी और भाई विजयपाल से पूछताछ की। भाई ने बताया कि अजय के भाभी से घनिष्ठ संबंध थे। वह इसका लाभ उठाने की कोशिश करने लगा। भाभी को ब्लैकमेल और परेशान करने लगा। इस पर उसकी हत्या कर दी गई।