Top Agra News of the day 12th July 2019, जिला पंचायत में हंगामा, आरटीओ में छापा, सरगना गिरफ्तार
जिला पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जमकर हंगामा। आरटीओ में छापे पड़ते ही दलाल भाग निकले। लूट और दुष्कर्म कांड का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में शुक्रवार, 12 जुलाई 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
सदस्यों ने तोड़ डालीं कुर्सियां
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राकेश बघेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में जुटे सदस्यों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। बस में भरकर आए विरोधी खेमे के सदस्यों ने बैठकर बाधित करने के लिए कुर्सियां तोड़ दीं। सदस्यों पर आरोप यह भी है कि उन्होंने जज की कुर्सी भी पलट दी। इसके बाद सदस्य वापस लौट गए। सिविल जज शैलेंद्र कुमार ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
आरटीओ में मची भगदड़
दलालों के अड्डे के लिए मशहूर आरटीओ में शुक्रवार दोपहर एडीएम प्रोटोकॉल मंजूलता ने छापा मारा। उन्होंने अंदर पहुंचते ही दफ्तर के सभी गेट बंद करा दिए। छापे की खबर लगते ही दलाल दीवार फांदकर भाग निकले। कुछ अंदर कमरों में ही बंद हो गए और खुद को आम नागरिक बताने लगे। एडीएम प्रोटोकॉल ने वाहन फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस आदि का रिकॉर्ड्स चेक किया। दो-तीन लोग हिरासत में भी लिए गए हैं।
लूट-दुष्कर्म का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
मैनपुरी में बीती छह जुलाई को दंपती से लूट के बाद महिला से कार में दुष्कर्म करने के मामले में मुख्य आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हो गया है। मुख्य आरोपित लालू यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शुक्रवार को कुरावली थाना पुलिस को सूचना मिली कि लालू यादव बाइक से कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। लखौरा औंछा रोड पर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इसमें एक गोली कांस्टेबल सरदार सिंह के पैर में लग गई। जवाबी फायरिंग में लालू यादव के भी पैर में गोली लगी है।