Top Agra News of the Day 06th November 2019, न्यायाधीशों ने देखा ताज, संजय प्लेस रहा बंद, जन्मभूमि पर हाई अलर्ट
दुनिया के 71 देशों के प्रतिनिधियों ने देखा ताज। पार्किंग ठेके के विरोध में संजय प्लेस रहा बंद। अयोध्या फैसले को लेकर जन्मभूमि की सुरक्षा बढ़ी।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में बुधवार, छह नवंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
ताज के मुरीद हुए मेहमान
दुनिया के 71 देशों के 200 प्रतिनिधि इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। इनमें ट्रिनिडैड एन्ड टोबेगो गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति जस्टिस ऐंटोनी थाॅमस अक्वीनास कार्मोना, लेसोथो गणराज्य के पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. पकालीथा बी मोसिसिली, हेयटी गणराज्य के पूर्व प्रधानमंत्री जौन-हेनरी सिएन्ट, तुवालु के गर्वनर जनरल आयकोबा टी. इटालेली मुख्य रूप से शामिल रहे। अन्य सदस्यों में विभिन्न देशों के मुख्य न्यायाधीश न्यायाधीश व मंत्री थे। लखनऊ के सिटी मांटेसिरी स्कूल में आयोजित 20वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए ये सभी आए हुए हैं। बुधवार को ये लोग ताजमहल देखने पहुंचे।
पार्किंग ठेके के विरोध में संजय प्लेस बंद
शहर के बीचों-बीच स्थित संजय प्लेस में बुधवार को दुकानदारों ने बाजार बंद रखा। संजय प्लेस में काफी अरसे के बाद ऐसा हुआ है कि बाजार बंद हुआ हो। यहां पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। इसी का दुकानदार विरोध कर रहे हैं। संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव हीरेन अग्रवाल का कहना है कि न्यायालय में वाद लंबित है। जब तक उस पर निर्णय नहीं आ जाता, तब तक पार्किंग ठेका नहीं उठाया जा सकता।
जन्मभूमि की सुरक्षा बढ़ाई गई
अयोध्या पर फैसला आने के मद्देनजर कृष्ण जन्मभूमि परिसर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आयुक्त आगरा मंडल अनिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आने से पूर्व मथुरा की सुरक्षा व्यवस्था को चेक कर लिया जाए। इसके साथ जन्मभूमि परिसर पर अब 24 घंटे विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बड़ी संख्या में सिविल वर्दी में जवानों को भी तैनात किया जा रहा है और इंटेलीजेंस को भी सतर्क रहने को कहा गया है। पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेेश ने सोशल मीडिया पर भी नजर रखने को कहा है।