Top Agra News of the Day 04th December 2019, ताज के पास अभियान, एसआइटी को मिले सुराग, अब अागरा में दुष्कर्म
सीआइएसएफ ने ताजमहल के पास चलाया सघन अभियान। मैनपुरी मामले में एसआइटी को मिली लीड।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में बुधवार, चार दिसम्बर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
ताज के पास सीआइएसएफ ने कराई सफाई
विश्व प्रसिद्ध इमारत ताजमहल के पास बुधवार दोपहर सीआइएसएफ ने औचक अभियान चलाया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने दशहरा घाट पर सफाई कराई और मंदिर परिसर के साथ घाट को साफ किया। वहीं दूसरी अोर ताजमहल पर पुलिस ने अतिक्रमण अभियान चलाया। पूर्वी गेट से अभियान की शुरूआत हुई। इस दौरान भारी पुलिस फ़ोर्स को देख देशी-विदेशी पर्यटक चौंक गए। ताजमहल पूर्वी गेट पर अभियान के दौरान पर्यटकों के सुगम आवागमन को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
एसआइटी के हाथ अहम सुराग
मैनपुरी के दुष्कर्म प्रकरण में एसआइटी के हाथ अहम सुराग लगे हैं। जांच के तीसरे दिन बुधवार को एसआइटी को लीड मिली। उसी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। एसआइटी के अध्यक्ष आइजी मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में सोमवार को जांच शुरू हुई थी। बुधवार को दिन में आइजी जांच में शामिल नहीं रह सके। जबकि एसपी मैनपुरी और सीओ एसटीएफ की जांच अलग-अलग मोर्चों पर चलती रही। फिलहाल एसआइटी अपने पत्ते खोलने के लिए तैयार नहीं है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कोई जानकारी दी जा सकेगी।
आगरा की छात्रा से दुष्कर्म
आगरा की निवासी बीए छात्रा से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बुधवार सुबह नौ बजे वह कॉलेज जाने के लिए निकली थी। उसका भाई पेंटर का काम करता है। पीडि़ता का आरोप है कि भाई के चार दोस्त खंदारी चौराहे के पास मिले और बताया कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है, तुम जल्दी चलो। उसे कार में बिठा लिया। पीडि़ता ने बताया कि एत्मादपुर के पास खेत में ले जाकर उसके साथ चारों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद पचोखरा के पास सड़क किनारे छोड़ गए। छात्रा नेे डायल 100 को सूचना दी। पुलिस दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।