विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कश्‍मीर से कैदियों को विमान से लाया गया आगरा, सेंट्रल जेल पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था

By Prateek GuptaEdited By:
Published: Sat, 23 Oct 2021 06:35 PM (GMT+05:30)

जम्‍मू कश्‍मीर में टारगेट किलिंग को देखते हुए कैदियों को किया गया है आगरा की जेल में शिफ्ट। खेरिया एयरपोर्ट पर आया विमान 38 कैदियों को यहां से कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था के बीच ले जाया गया सेंट्रल जेल तक। पहले से भी यहां कश्‍मीर के कैदी बंद हैं।

आगरा सेंट्रल जेल में दाखिल होते कश्‍मीर से आए कैदी।
आगरा सेंट्रल जेल में दाखिल होते कश्‍मीर से आए कैदी।

आगरा, जागरण संवाददाता। जम्‍मू एवं कश्मीर की जेलों से 38 बंदियों को खेरिया एयरपोर्ट पर दोपहर बाद विमान पहुंचा है। इनमें 27 बंदी कश्मीर और 11 बंदी जम्मू कश्मीर की जेलों से भेजे गए हैं। सजायाफ्ता बंदियों से अलग कश्मीरी बंदियों को विशेष बैरक में रखा गया है। केंद्रीय कारागार आगरा में कश्मीरी बंदियों की ये दूसरी खेप है। पांच दिन पहले 15 कश्मीरी बंदियों को यहां दाखिल किया गया था। तीन कश्मीरी बंदी यहां पहले से ही निरुद्ध हैं। जिनमें दो बंदी पाक अधिकृत कश्मीर के हैं। इस तरह से केंद्रीय कारागार आगरा में निरुद्ध कश्मीरी बंदियों की संख्या अब 56 हो गई है।

जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग के चलते वहां सख्ती बढ़ा दी गई है। राज्य विरोधी ताकतों को जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत गिरफ्तार किया जा रहा है। इन बंदियों को दूसरे राज्यों की जेलों में स्थानांतरित किया जा रहा है। जिसके तहत 17 अक्टूबर को 15 कश्मीरी बंदियों को आगरा केंद्रीय कारागार भेजा गया था। पीओके के बंदियों को जिन्हें हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है।

सितंबर 2019 से यहां आना शुरू हुए कश्‍मीरी बंदी

जम्मू-कश्मीर से बंदियों को भेजने का सिलसिला 2019 से जारी है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद वहां सक्रिय अलगाववादी लोगों को तत्कालीन सरकार ने गिरफ्तार किया था। इनमें 80 से ज्यादा बंदियाें को विशेष विमान से आगरा सेंट्रल जेल भेजा गया था। इन सभी बंदियों को भी लोक सुरक्षा अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। बंदियों को यहां रखने के दौरान जेल परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए पीएसी तैनात की गई थी। इसके साथ ही तारों की बाड़ भी लगाई गई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।