दीपावली और शादी की खुशियों से पहले छा गया मातम, एटा में दुर्घटना में तीन घरों के चिराग बुझे
एटा के थाना सकरौली की घटना। बहन की सगाई रस्म पूरी कर लौट रहे थे लोग। पांच लोगों को अज्ञात वाहन ने रौंदा। दो की हालत गंभीर। टीका कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गांव से कई और लोग भी गए थे।
आगरा, जेएनएन। एटा के थाना सकरौली के गांव चिरावली के पास बहन का टीका चढ़ाकर लौट रहे सगे भाई समेत पांच को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इनमें से तीन की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी गांव चिरावली के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
बुधवार को गांव चिरावली से अंकित (17) की बहन का टीका लेकर अंकित और उसके चचेरे भाई विशाल (19) और फुफेरे भाई विमल (20) व दो अन्य पुष्पेंद्र (18) व प्रिंस (5) फीरोजाबाद गए थे। टीका कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात सभी वापस लौट आए। वे वाहन से उतरकर अपने गांव के पास खड़े थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी को तत्काल उपचार के लिए आगरा भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान अंकित, विशाल और विमल की मौत हो गई, जबकि पुष्पेंद्र और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। त्योहार पर आई विपत्ति से पूरा गांव आहत है। टीका कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गांव से कई और लोग भी गए थे। बताया गया है कि वे अपनी गाड़ियों से पहले ही लौट आए। सिर्फ पांच लोग ही रह गए थे, जिन्हें पैदल गांव पर जाना था। उधर सुबह के वक्त लोगों को जब हादसे के बारे में पता चला तो गांव चिरावली में भारी भीड़ जुट गई। इधर किस वाहन ने टक्कर मारी पुलिस भी अभी यह स्पष्ट नहीं कर पा रही। मामले की एफआइआर भी दर्ज नहीं हुई है।