फतेहाबाद ब्लाक के 34 ग्राम प्रधानों को शपथ के लिए करना होगा इंतजार
फतेहाबाद की 70 ग्राम पंचायतों में खाली पड़े हैं ग्राम पंचायत सदस्यों के 553 पद ग्राम पंचायत सदस्यों की 50 फीसद सीटें भरने पर ही पूरा होता है कोरम
जागरण टीम, आगरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न हो चुके हैं। फतेहाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत में प्रधान चुने जा चुके हैं लेकिन 34 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ ग्रहण के लिए अभी इंतजार करना होगा। कारण यह है कि 50 फीसद से अधिक ग्राम पंचायत सदस्यों के पद पर चुनाव नहीं हो सका है। पांच ग्राम पंचायत तो ऐसी हैं, जिसमें एक भी सदस्य चुनकर नहीं आया है और न ही यहां किसी को निर्विरोध चुना गया है। इससे ब्लाक की सीटों पर कुछ प्रधानों को उलझन महसूस हो रही है।
फतेहाबाद ब्लाक क्षेत्र की 70 ग्राम पंचायतों में 892 ग्राम पंचायत सदस्य पद हैं। इसमें कुल 553 पद ही भरे जा सके हैं। 480 पदों पर पंचायत सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए थे। महज 63 पदों पर ही चुनाव हुए थे। इनमें पांच ग्राम पंचायतों में सदस्यों के पद खाली हैं। सांकुरी खुर्द, नगरचंद, स्वारा, भलोखरा और मुरावल में एक भी पद पर नामांकन नहीं हुआ। तारौली गुर्जर, सांकुरी कलां, बेगमपुर, लोहिया उझावली, मीठपुरा, रामपुर, मुहम्मदपुर, महाराजपुर, मूसेपुरा, जटपुरा, सारंगपुर, निबोहरा, बिहारी, पारोली सिकरवार, प्रतापपुरा, भरापुर, कल्याणपुर, रनपुरा, सलेमपुर मुड़िया और नगला हाजी ग्राम पंचायतों में आधे से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों को 50 फीसद सीटें भरी होने पर ही कोरम पूरा माना जाता है। इसके बाद ही ग्राम प्रधान शपथ ले सकता हैं। ऐसे में 34 ग्राम प्रधानों को शपथ ग्रहण के लिए इंतजार करना होगा। कुल सदस्य पदों के 50 फीसद या उससे अधिक ग्राम पंचायत सदस्य वाली ग्राम पंचायतों के प्रधान ही शपथ ले पाएंगे। जहां कोरम पूरा नहीं हुआ वहां शपथ ग्रहण कार्यक्रम नहीं हो सकेगा।
सुजाता प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी