थाने के पास कॉलोनी में चोरों का धावा
न्यू आगरा के दो घरों में चोरों ने किया लाखों का माल साफ। तीन पहले स्थानीय लोगों ने डीएम से लगाई थी सुरक्षा की गुहार।
जागरण संवाददाता, आगरा: न्यू आगरा थाने से सिर्फ सौ मीटर की दूरी पर स्थित न्यू आगरा कॉलोनी में शुक्रवार रात को चोरों ने दो कारोबारियों के घर में धावा बोल दिया। ताला तोड़कर लाखों का माल ले गए। कॉलोनी के लोगों ने जिलाधिकारी से तीन दिन पहले ही क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की थी। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश है।
न्यू आगरा कॉलोनी में बी-3 निवासी प्रवीण भाटिया का संजय प्लेस में कारोबार है। रात में वे परिवार सहित सो रहे थे। चोरों ने घर में घुसकर खिड़की का जंगला निकाल लिया। कमरे में रखा कैश लेकर चले गए। इसके बाद चोरों ने बी-11 निवासी राजेंद्र गुप्ता के घर को निशाना बनाया। राजेंद्र का ट्रांसपोर्ट नगर में तेल का कारोबार है। चोर गेट के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपये कीमत के गहने और 60-70 हजार रुपये ले गए। सुबह छह बजे आंख खुलने पर कारोबारियों को वारदात का पता चला। जानकारी पर कॉलोनी के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। कॉलोनी वालों ने बताया कि क्षेत्र में कोचिंग सेंटर और हॉस्पीटल खुल गये हैं। इससे हर तरह के लोगों का आना जाना रहता है। कई घरों में बिना वेरिफिकेशन लोग किराए पर रहते हैं। इसके चलते वारदातें बढ़ रही हैं। तीन दिन पहले पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर कॉलोनी निवासी जिलाधिकारी से मिले थे। इससे लोगों में आक्रोश है। नामनेर में व्यापारी के घर चोरी
रकाबगंज क्षेत्र में नामनेर कॉलोनी निवासी वरुण अग्रवाल की घर के पास ही मोबाइल शॉप है। शुक्रवार रात सभी घर में सो रहे थे। छत के रास्ते से चोर घुस आया। चोर ने कमरे की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब साढ़े पांच लाख रुपये के गहने और 80 हजार रुपये नकद ले गए। सुबह परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिग देखी। इसमें एक चोर तड़के 3.40 बजे घर से एक बैग ले जाता दिख रहा है। वरुण ने घटना के संबंध में थाना सदर में तहरीर दी है। बैंक मैनेजर की स्कॉर्पियो ले गए
नेहरू नगर निवासी रविकांत केनरा बैंक बेलनगंज में मैनेजर हैं। उनकी स्कॉर्पियो शुक्रवार रात को घर के सामने खड़ी थी। रात में स्विफ्ट डिजायर से आए चोर उनकी स्कॉर्पियो ले गए। सुबह घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिग देखी। इसमें स्विफ्ट डिजायर रुकने के बाद एक चोर साइड शीशा तोड़कर स्कॉर्पियो में अंदर घुसता दिखा। पांच मिनट में गाड़ी का लॉक तोड़कर वह उसे ले गए। रविकांत ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है।