Cinema Hall in Agra: कोरोना वायरस के 'संक्रमण' से नहीं उबर पा रहा सिनेमा उद्योग
Cinema Hall in Agra ताजनगरी के सिनेमाघरों को नहीं मिल रहे उम्मीद के अनुसार दर्शक। अक्टूबर में सरकार ने आधी दर्शक संख्या के साथ कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति दी थी। इसके बाद ताजनगरी के सभी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर खुल गए।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी का सिनेमा कारोबार अभी कोरोना वायरस के संक्रमण से अभी उबर नहीं पा रहा है। सिनेमाघरों को खुले हुए दो माह हो गए लेकिन अभी उम्मीद के अनुसार दर्शक नहीं आ रहे हैं। खर्चा पूरा हो रहा है, लेकिन कमाई आधी भी नहीं है। बडे़ स्टार की फिल्म रिलीज न होने के चलते भी असर पड़ा है। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर तो फिर भी खुले हैं, लेकिन शहर के प्रमुख मल्टीप्लेक्स में सन्नाटा पसरा हुआ है।
अक्टूबर में सरकार ने आधी दर्शक संख्या के साथ कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति दी थी। इसके बाद ताजनगरी के सभी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर खुल गए। शुरुआत में सिनेमाघरों को पुरानी फिल्में मिली थीं। आठ माह के बाद सिनेमाघर खुले, लेकिन उम्मीद से भी कम दर्शक फिल्म देखने आए। दीपावली पर सिनेमाघरों में नई फिल्म रिलीज हुई। इस फिल्म का जरूर थोड़ा लाभ मिला। दीवाली की छुट्टी में ज्यादा दर्शक सिनेमाघर पहुंचे। मगर, दो माह में कोई भी एेसा शो नहीं रहा, जिसमें 50 फीसद दर्शक सिनेमाघर पहुंचे हो। सिनेमाघर संचालकों का कहना है कि नई फिल्म रिलीज न होने का असर पड़ रहा है। सिनेमाघर के संचालन में खर्चा पूरा हो रहा है, लेकिन कमाई कुछ नहीं है। ऐसे में घाटा उठाना पड़ रहा है।
आनलाइन प्लेटफार्म ने डाला असर
एक तरफ सिनेमाघरों में नई फिल्म रिलीज नहीं हो रही हैं, वहीं दूसरी तरह आनलाइन प्लेटफार्म पर नई फिल्म आ रही हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग आनलाइन प्लेटफार्म पर ही फिल्म देख रहे हैं। इसमें युवा वर्ग की संख्या अधिक है। युवा वर्ग ने फिल्म देखने के लिए आनलाइन सब्सक्रिप्शन ले लिया है। ये उन्हें सस्ता भी पड़ रहा है और नई फिल्में भी देखने को मिल रही हैं।