Misdeed by Gang: आगरा में किशोरी को बहाने से ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपित के करीब पहुंची पुलिस
घर से जामुन देने के बहाने बुलाकर ले किशोरी को ले गया था युवक। आश्रम पर पहले से मौजूद दो युवकों समेत तीन ने किया दुष्कर्म। इसके बाद मामला एक ही समाज का होने की बात कहते हुए कुछ लोगों ने इसे दबाने का प्रयास किया।
आगरा, जेएनएन। शमसाबाद क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की टीमों ने रातभर दबिश दीं। पुलिस एक आरोपित के करीब पहुंच गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। अन्य दोनों युवकों की गिरफ्तारी को टीम आसपास के जनपदों में भी दबिश दे रही है।
शमसाबाद क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय किशोरी गुरुवार को अपने घर में अकेली थी। उसका परिवार एक शादी समारोह में गया था।किशोरी के पिता के अनुसार, गांव का रिश्तेदार युवक छोटू दोपहर में उनके घर आया था। बेटी को आश्रम से जामुन दिलवाने का झांसा देकर वह अपने साथ ले गया। गांव से आश्रम की दूरी दो सौ मीटर है। वहां पहले से गांव के ही संजू और उसका भाई मुन्ना मौजूद थे। आरोप है कि दोनों भाइयों और छोटू ने किशोरी को कमरे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। यह भी कहा कि अगर उसने घर में किसी को बताया तो वे उसके मां-बाप की भी हत्या कर देंगे। डर के कारण पहले तो किशोरी चुप रही। उसने गुरुवार रात को मां को आपबीती बताई। इसके बाद मामला एक ही समाज का होने की बात कहते हुए कुछ लोगों ने इसे दबाने का प्रयास किया। शुक्रवार शाम चार बजे किशोरी को लेकर उसका पिता थाना शमसाबाद पहुंच गया और आरोपिताें के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपितों की गिरफ्तारी को थाने की दो टीमों के साथ ही सर्विलांस टीम की भी मदद ली गई। पुलिस ने संजू के स्वजन और रिश्तेदारों पर शिकंजा कस दिया। रातभर पुलिस टीमों ने सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी। तब एक टीम आरोपित के करीब पहुंच गई है। अब अन्य दो आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।