यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दफ्तर जाने का झंझट खत्म, घर बैठे कराएं बिजली बिल संशोधित
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) की वेबसाइट पर आनलाइन करें लोड बढ़ाने के लिए आवेदन। स्वयं दर्ज करें मोबाइल नंबर इसमें उपभोक्ता का एक खाता बनकर तैयार हो जाएगा। संदेश से मिलेगी बिजली से जुड़ेे हर अपडेट की जानकारी।

आगरा, सुबान खान। बिजली विभाग के दफ्तर में चक्कर लगाने के झंझट से निजात चाहते हैं, तो तत्काल अपना मोबाइल नंबर उनकी वेबसाइट पर दर्ज करके पंजीकरण कर लीजिए। इससे मासिक बिल और पल-पल की जानकारी आपके मोबाइल पर ही नहीं मिलेगी, बल्कि बिल संशोधन, लोड बढ़ाने के लिए आवेदन और मीटर रीडर की शिकायत घर बैठे कर सकते हैं।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के अधिकारी विभाग की वेबसाइट पर उपभोक्ताओं का पंजीकरण व मोबाइल नंबर दर्ज कराने के लिए अभियान चलाने की तैयार कर रहे हैं। जिससे उपभोक्ता के मोबाइल व ई-मेल आइडी पर मासिक बिल का संदेश, फाल्ट व बिजली कटौती की सूचना और योजनाओं की जानकारी मिल सके। यह काम उपभोक्ता बिजली विभाग के दफ्तर जाकर करा सकते हैं या खुद भी पंजीकरण कर सकते हैं। इसमें उपभोक्ता का एक खाता बनकर तैयार हो जाएगा।
ऐसे करें पंजीकरण
पंजीकरण करने के लिए उपभोक्ता उप्र पावर कार्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट (upenergy.in) पर क्लिक करें। उसमें उपभोक्ता कार्नर में शहरी व ग्रामीण विकल्प पर जाएं। फिर उपभोक्ता लाग-इन पर क्लिक करके दूसरे पेज पर पंजीकरण (रजिस्टर नॉव) का विकल्प मिलेगा। उस पर क्लिक करने से आप पंजीकरण के मुख्य पृष्ट पर पहुंच जाएंगे। फिर बिल से खाता नंबर लिखें और नया पासवर्ड, कंफर्म पासवर्ड, पूरा नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आइडी, सीक्रेट प्रश्न व उत्तर, संदेश व ई-मेल से मासिक बिल प्राप्त करने के लिए दिए गए बाक्स में सही का चिन्ह लगा दें। अंत में पुष्टि करने के लिए इमेज वैरीफिकेशन नंबर को भर दें। फिर रजिस्टर पर क्लिक करें। यह प्रकिया पूरी होने पर पंजीकरण हो जाएगा। यही प्रक्रिया शहरी उपभोक्ताओं को पूरी करनी होगी।
यहां देखें बिजली का हाल
विभाग की वेबसाइट पर अपना खाता नंबर और पासवर्ड डालने पर नया पेज खुलेगा। इसमें माइ अकाउंट, कंजप्शन, बिल हिस्ट्री, भुगतान वितरण, बिल रिवीजन, मैनेज अकाउंट और पे बिल के विकल्प दिए हैं। इनमें शिकायत से लेकर आवेदन और बिल संशोधित तक सारी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।