Surrogacy Gang: नहीं लगा कोख के सौदागर गैंग का शातिर, खाली हाथ बेंगलूरू से लौटी आगरा पुलिस
Surrogacy Gang कोख के सौदागर गैंग की सरगना के पति की तलाश में बैंगलुरू गई थी पुलिस की टीम। पुलिस की भनक लगते ही बदल लिया था शातिर ने ठिकाना।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोख के सौदागरों के गैंग की सरगना और उसका पति बेहद शातिर है। पुख्ता जानकारी मिलने पर फ्लाइट से पुलिस की टीम बैंगलुरू भेजी गई। मगर, वहां पुलिस पहुंचने से पहले ही शातिर ने ठिकाना बदल लिया। वहां से पुलिस खाली हाथ लौट आई है।
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में 19 जून को कोख के सौदागरों के गैंग से जुड़ी फरीदाबाद की नीलम, रूबी समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यह गैंग अवैध सरोगेसी कराने के बाद बच्चों को नेपाल व अन्य देशों में बेचता है। इनसे बरामद हुईं तीन बच्चियां बाल गृह में हैं। गैंग में शामिल राहुल और उसके बाद सिलीगुड़ी की कल्पना और उसके पति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गैंग की सरगना अस्मिता और उसके पति डॉ. विष्णुकांत की पुलिस को तलाश है। पिछले दिनों पुलिस को जानकारी हुई कि डॉ. विष्णुकांत बैंगलुरू में है। सीओ फतेहाबाद विकास जायसवाल ने बताया कि विष्णुकांत की गिरफ्तारी को पुलिस की एक टीम फ्लाइट से बैंगलुरू भेजी गई। वहां पुलिस के पहुंचने से पहले ही विष्णुकांत ने ठिकाना बदल लिया। कई स्थानों पर उसकी तलाश में दबिश दी। मगर, उसका कोई सुराग नहीं मिला। अब टीम वहां से लौट आई है।
अस्मिता का अभी कोई सुराग नहीं
गैंग के आठ सदस्यों को जेल भेजने के बाद भी पुलिस के पास सरगना अस्मिता का कोई सुराग नहीं है। अब पुलिस मान रही है कि वह पति के पास ही हो सकती है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकेगा।