Meera Mathur: ताजनगरी के भाइयों ने फिल्म 'मीरा माथुर' बनाने को किया सात वर्ष संघर्ष
अप्रैल के महीने में देशभर में रिलीज होगी फिल्म। सात वर्ष पूर्व अपने सपने को पूरा करने के लिए किया था मुंबई का रुख। टीवी सीरियल में बतौर एडिटर किया रोहित कुमार सिंह और राहुल कुमार सिंह ने काम।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के दो भाइयों ने सात वर्ष पूर्व जो सुनहारा ख्वाब देखा था, वो अब पूरा होने जा रहा है। उनके द्वारा बनाई गई हिंदी फिल्म 'मीरा माथुर' अप्रैल में देशभर में रिलीज होने जा रही है।
आगरा के युवा फिल्मकारों रोहित कुमार सिंह और राहुल कुमार सिंह ने सात वर्ष पूर्व फिल्म निर्माण का सपना देखा था। उन्होंने फिल्म मीरा माथुर बनाई है। फिल्म निर्माता रोहित कुमार सिंह और निर्देशक राहुल कुमार सिंह हैं। राहुल ने बताया कि यह सफर इतना आसान नहीं था। डीएवी इंटर कालेज से 12वीं करने के बाद अपने सपने को पूरा करने के लिए दोनों भाइयों ने मुंबई का रुख किया। मुंबई को सपनों की नगरी कहते हैं, लेकिन अपने सपने को पूरा करना इतना आसान भी नहीं था। वहां कोई ऐसा नहीं था, जिसे हम अपना कह सकें। हमने हिम्मत नहीं हारी और संघर्ष जारी रखा। दोनों भाइयों ने बतौर एडिटर करियर शुरू किया। शुरुआत टीवी सीरियल में बतौर एडिटर काम कर की। आरंभ, सिंहासन बत्तीसी, नियति, गणेश लीला जैसे दो दर्जन से अधिक सीरियल में काम किया। स्वयं को साबित बरने के बाद बतौर निर्माता हिंदी फिल्म 'मीरा माथुर' का निर्माण किया। अप्रैल में यह फिल्म पूरे देश में एक साथ रिलीज होने जा रही है। बालीवुड कलाकार खुशी राजपूत, एलेन कपूर, अश्विन कपूर ने सशक्त अभिनय से फिल्म को मजबूत बनाया है। राहुल ने बताया कि शीघ्र ही वो आगरा में दूसरी फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं, जिसके लिए कलाकारों से बातचीत अंतिम दौर में चल रही है।