UP Weather 2019: पारा पहुंचा 46 पार, तवे सी तपने लगी धरती
आगरा में गुरुवार को सुबह हल्के बादल छाए रहने के बाद दोपहर में हुए सूरज के तेवर तीखे। मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट।
आगरा, जागरण संवाददाता। जैसा चूल्हे पर रखा तवा हो। धीमी आंच पर तपता। वैसा ही हाल अब ताजनगरी का हो चला है। गुरुवार को अधिकतम तापमान दोपहर एक बजे 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर 46 डिग्री सेल्सियस की ओर बढ़ चला है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री आंका गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हालत यह हो गई कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा। दोपहिया वाहन या पैदल चलने वाले लोगों को ऐसा अहसास हो रहा है कि जैसे त्वचा झुलस रही हो।
आगरा में बुधवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। गुरुवार सुबह आंशिक बादल छाए रहने से कुछ राहत रही लेकिन सुबह नौ बजे के बाद बादल छंट गए और सूरज के तेवर तीखे होते गए। 11 बजे तक हालत हो गई कि सड़कों पर सन्नाटा होने लगा। बहुत ही जरूरी काम की स्थिति में ही लोग निकले, अन्यथा घर, दफ्तर या दुकान के अंदर ही रहना पसंद किया। घरों पर लगी टंकियों का पानी भी खौलता सा महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, यानि तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का खतरा है।
हीट स्ट्रोक से हो सकती है मौत
सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ते तापमान के मद्देनजर यदि सावधानी न बरती जाए तो गर्म हवाओं और लू से शारीरिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे मृत्यु भी हो सकती है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ अतुल कुलश्रेष्ठ के अनुसार भीषण गर्मी के समय खुद को लू से बचाएं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के प्रति एहतियात बरते जाने की जरूरत है। सिर ढककर ही घर से बाहर निकलें। पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन अधिक से अधिक करें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप