Lockdown में यहां कोरोना का नहीं चूहों का कहर बरपा, Unlock हुआ दफ्तर तो सामने आया ये हाल
आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय में आधा दर्जन से अधिक एसी में आई दिक्कत यूनिट से निकला सामान। 21 मार्च को बंद हुआ था एडीए कार्यालय अनलॉकडाउन में पहली बार खुला।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण के चलते एडीए कार्यालय 71 दिनों तक बंद रहा। सोमवार को पहली बार खुला। कार्यालय खुलने पर परिसर व अन्य की सफाई की गई और फिर सेनिटाइजेशन किया गया। जैसे ही कर्मचारियों ने सिप्लट एसी को चालू किया। एसी के आउटडोर यूनिट से चूहे निकल भागे। कई एसी नहीं चले। जिस पर बिजली मैकेनिक को बुलाकर चेक कराया गया तो पता चला कि चूहों ने धमाल किया है। आउटडोर यूनिट को अपना घर बना रखा है। आधा दर्जन के करीब एसी में कुछ ऐसा ही हुआ है। एडीए कार्यालय 21 मार्च को बंद हुआ था। 22 मार्च को रविवार था। 23 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वावन पर भारत बंदी थी। फिर लॉकडाउन शुरू हो गया। ऐसे में तब से लेकर कार्यालय बंद चल रहा था। सोमवार सुबह नौ बजे कार्यालय की सफाई शुरू हुई। निर्धारित समय पर एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा पहुंचे और कुछ देर कार्यालय में रुकने के बाद चले गए। इससे पूर्व एसी चालू किया गया।
शारीरिक दूरी के पालन का पढ़ाया पाठ
सोमवार को एडीए कार्यालय में ज्यादा लोग नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने जो भी लोग आए। उन्हें मास्क पहनकर आने के लिए कहा। साथ ही छह फीट की शारीरिक दूरी का पाठ भी पढ़ाया।
अब शहर की भी खुलेंगी शराब की 250 दुकानें
अनलॉकडाउन में तीन जून से शराब की दुकानें भी खुलेंगी। शहर में शराब की 250 दुकानें हैं। यह सभी दुकानें नगर निगम के सौ वार्ड में हैं। कंटेनमेंट जोन होने के चलते दुकानें नहीं खुल रही थीं, जबकि देहात क्षेत्र की 420 दुकानें खोली जा रही थीं। जिले में कुल 795 दुकानें हैं जिसमें 125 दुकानों का अभी तक आवंटन नहीं हुआ है। आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शासन के आदेश प्राप्त हो गए हैं। अब दुकानें सुबह दस से रात नौ बजे तक खुलेंगी। दुकान के बाहर छह फीट की शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। पांच लोग से अधिक नहीं होंगे। दुकान के आसपास भीड़ नहीं लगनी चाहिए।