Threat: संयुक्त शिक्षा निदेशक को धमकी देना पड़ा शिक्षक को भारी, बर्खास्त के बाद गिरफ्तार
Threat सिकंदरा थाने में दर्ज हुआ था मुकदमा। पुलिस ने आरोपित बर्खास्त शिक्षक को भेजा जेल।
आगरा, जागरण संवाददाता। संयुक्त शिक्षा निदेशक और उनके बच्चोंं को अपहरण की धमकी देना शिक्षक को बहुत भारी पड़ गया है। अच्छा खासा करियर बर्बाद हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद बर्खास्त शिक्षक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ गुरुवार को सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र के मोबाइल पर 15 सितंबर की रात को बर्खास्त शिक्षक विकास यादव ने धमकी भरा मैसेज भेजा था। इसमें उनके और बच्चों के अपहरण की धमकी दी गयी थी। अारोपित मैनपुरी के कृष्णा नगर का रहने वाला है। मैनपुरी में एक सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल में शिक्षक था। कोर्ट ने उसकी अनियमित नियुक्ति के मामले में जांच के आदेश दिए थे। इसकी जांच संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र को दी गयी थी। छह महीने पहले उन्होंने जांच करके अपनी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी मैनपुरी को दी। इसके आधार पर शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया था। उस समय भी आरोपित ने जांच को प्रभावित करने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक पर दबाव बनाने का प्रयास किया था। वह दबाव में नहीं आए तो शिक्षक उन्हें धमकी देने पर उतर आया था। एसएसपी से शिकायत के बाद विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपित विकास यादव ने बताया कि बर्खास्त होने के बाद वर्तमान में वह फीरोजाबाद के एक विद्यालय में शिक्षक है। इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार ने बताया आरोपित को जेल भेजा गया है ।