डीसी वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में शिक्षक ने तमंचे से गोली मारकर की खुदकशी
कॉलेज परिसर में ही रहते थे शिक्षक। सोमवार सुबह मारी गोली। परिजन और पुलिस पहुंचे मौके पर।
आगरा, जागरण संवाददाता। सोमवार की सुबह सनसनीखेज घटनाक्रम हुआ है। शाहगंज में डीसी वैदिक इंटर कालेज परिसर में शिक्षक ने खुद को तमंचे से गोली मारकर खुदकशी कर ली है। खुदकशी करने के पीछे कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। स्कूल पर परिजनों के साथ पुलिस फोर्स पहुंच चुका है।
अलीगढ़ के इगलास के रहने वाले हमबीर सिंह (53वर्ष) डीसी वैदिक इंटर कालेज में करीब 30 साल से हिंदी और संकृत के शिक्षक थे। स्कूल परिसर में ही बने कमरे में रहते थे। जबकि पत्नी गुड्डी देवी बेटे-बेटी आैर बहू के साथ इगलास में रहती थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे स्कूल का चपरासी निरंजन स्कूल पहुंचा। शिक्षक हमबीर सिंह का शव स्कूल परिसर में पड़ा हुआ था। गोली कनपटी में लगी थी। शव के पास ही तमंचा पड़ा हुआ था। जानकारी होने पर एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंच गया।
कुछ देर बाद ही मृतक की पत्नी गुड्डी, बेटा बंटू और बेटी कंचन भी पहुंच गई। स्वजनों ने बताया हमबीर सिंह का परिवार के लोगों से मनमुटाव चल रहा था। पुलिस ने बताया खुदकशी के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।
खुदकशी से पहले बेटे को किया था फोन
हमबीर सिंह ने सुबह लगभग पांच बजे बेटे को फोन किया था। उससे पूछा कि क्या कर रहे हो। बेटे ने कहा कि सो रहा हूँ। इसके बाद हमबीर सिंह ने फोन काट दिया था।