ताजमहल और दूसरे मॉन्यूमेंट्स मुफ्त देखने का मौका, एक दिन को मिलेगी बिना टिकट एंट्री
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाएगा, जिसमें ताजमहल सहित सभी स्मारकों में भारतीय व ...और पढ़ें

ताजमहल।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा 19 नवंबर से विश्व धराेहर सप्ताह मनाया जाएगा। इस अवसर पर ताजमहल समेत सभी स्मारकों में भारतीय व विदेशी पर्यटकों का प्रवेश निश्शुल्क रहेगा। ताजमहल में भीड़ प्रबंधन के लिए मुख्य मकबरे पर 200 रुपये का अतिरिक्त प्रवेश शुल्क लागू रहेगा। इसमें किसी तरह की छूट नहीं रहेगी।
मुख्य मकबरे पर दिसंबर, 2018 में भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त टिकट लागू किया गया था। एएसआइ के आगरा सर्किल की अधीक्षण पुरातत्वविद डा. स्मिथा एस. कुमार ने विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन स्मारकों को निश्शुल्क किए जाने का आदेश शनिवार काे जारी किया।
विश्व धरोहर सप्ताह में स्मारकों के संरक्षण के प्रति पर्यटकों को जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि 19 से 25 नवंबर तक मनाए जाने वाले विश्व धरोहर सप्ताह में स्मारकों में पेंंटिंग प्रतियोगिता, फोटो प्रदर्शनी समेत अन्य कार्यक्रम कराए जाएंगे।